लखनऊ। सरोजनी नगर आदर्श प्रेस क्लब ने सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए दिव्यांग युवक दिलीप को बैटरी चालित साइकिल उपलब्ध कराई है। इस पहल ने न केवल दिलीप के जीवन में नई रोशनी लाई है, बल्कि समाज के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
जानकारी के अनुसार, सरोजनी नगर क्षेत्र स्थित देवलोक कॉलोनी प्रकाश सिटी स्कूटर इंडिया के रहने वाले दिलीप शारीरिक रूप से दिव्यांग है और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए उसे आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह खुद साइकिल खरीद पाने में असमर्थ था। ऐसे में उसने अपनी समस्या आदर्श प्रेस क्लब के अध्यक्ष आशीष कुमार सिंह के समक्ष रखी।
अध्यक्ष ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह से संपर्क किया और युवक की स्थिति से अवगत कराया। मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए विधायक ने स्वयं पहल कर दिलीप के लिए बैटरी साइकिल उपलब्ध कराई।
साइकिल मिलने के बाद दिलीप की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उसने कहा कि अब उसे कहीं आने-जाने में कठिनाई नहीं होगी और वह आत्मनिर्भर महसूस कर रहा है। दिलीप ने विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह और आदर्श प्रेस क्लब लखनऊ के सभी पदाधिकारियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।


