X Platform दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी Elon Musk के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में Twitter) ने भारत में आपत्तिजनक और अश्लील कंटेंट को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए 3,500 पोस्ट ब्लॉक कर दी हैं और 600 से ज्यादा अकाउंट स्थायी रूप से डिलीट कर दिए हैं, सूत्रों के अनुसार X ने यह भी स्वीकार किया है कि कंटेंट मॉडरेशन को लेकर प्लेटफॉर्म से चूक हुई थी और अब वह भारत सरकार के कानूनों व दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी सख्ती से काम करेगा,
दरअसल बीते दिनों इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने X पर सर्कुलेट हो रहे आपत्तिजनक और अश्लील कंटेंट का संज्ञान लेते हुए कई पोस्ट और अकाउंट्स को चिन्हित किया था, इसके बाद केंद्र सरकार के दबाव में यह कार्रवाई की गई, पिछले कुछ समय से X पर Grok AI की मदद से अश्लील इमेज और कंटेंट जनरेट किए जाने को लेकर विवाद गहराया हुआ था,
आरोप था कि कुछ यूजर्स AI टूल का दुरुपयोग कर महिलाओं और नाबालिगों की तस्वीरों को एडिट कर अश्लील सामग्री बना रहे हैं, जिसे सरकार ने गंभीर साइबर अपराध मानते हुए कड़ा रुख अपनाया, Grok AI दरअसल Elon Musk की कंपनी xAI द्वारा विकसित एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चैटबॉट है,
जिसे X प्लेटफॉर्म और अलग ऐप के जरिए इस्तेमाल किया जाता है, हालांकि इसके इमेज जेनरेशन और एडिटिंग फीचर के गलत इस्तेमाल ने X को कटघरे में खड़ा कर दिया, अब X ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में किसी भी तरह के आपत्तिजनक कंटेंट को प्लेटफॉर्म पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भारत सरकार के सभी नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा।

