

इस्लामाबाद। पाकिस्तान की सेना ने बलोचिस्तान की राजधानी क्वेटा स्थित बोलन मेडिकल कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल पर छापामार कर छात्रा खदीजा बलोच का अपहरण कर लिया। इसकी भनक मिलते ही बाकी छात्राओं ने खदीजा को उठाकर ले जाने का विरोध करते हुए हॉस्टल के सामने प्रदर्शन किया। सभी ने खदीजा की तत्काल और सुरक्षित रिहाई की मांग की।
द बलोचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार खदीजा को फ्रंटियर कोर (एफसी), मिलिट्री इंटेलिजेंस (एमआई) और काउंटर-टेररिज्म डिपार्टमेंट (सीटीडी) के अधिकारियों ने हॉस्टल से हिरासत में लिया। खदीजा बलोच बीएस नर्सिंग की सातवें सेमेस्टर की छात्रा हैं और केच जिले के हिरोंक इलाके की निवासी हैं। इसी महीने कराची के नवल इलाके में रहने वाली अवारान समुदाय की सदस्य हसीना बलोच को भी अगवा किया जा चुका है।
बताया गया है कि बलोचिस्तान में जबरन गुमशुदा लोगों के खिलाफ क्वेटा प्रेस क्लब के सामने वॉयस फॉर बलूच मिसिंग पर्सन्स (वीबीएमपी) का धरना आज 6141वें दिन में प्रवेश कर गया। मस्तुंग जिले के कुर्दगाप के लादी दश्त में पाकिस्तानी सेना के हाथों मारे गए युवाओं राजदूत समलानी, अमानुल्लाह समलानी और इरफान मोहम्मद होसनी के परिवारों ने विरोध दर्ज कराया।
परिवार के सदस्यों के अनुसार तीनों युवकों को पाकिस्तानी सेना ने 16 अप्रैल को कुर्दगाप तहसील के लादी दश्त से हिरासत में लिया और बाद में उनकी हत्या कर दी। वीबीएमपी के अध्यक्ष नस्रुल्लाह बलोच और महासचिव होवरान बलोच के प्रयासों के बाद तीनों युवकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए।


