
लेंस डेस्क। पश्चिम बंगाल के कोलकाता के मध्यमग्राम इलाके से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) के निज सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। चुनाव के परिणाम आने के बाद से यह पांचवीं हत्या है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े इस वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि हमलावर मौके पर पहुंचते ही ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल PA को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और हमलावरों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल भी गर्मा गया है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
साथ ही कई क्षेत्रों में चुनाव के बाद झड़पों की खबरें भी सामने आई हैं। अलग-अलग घटनाओं में, उत्तरी 24 परगना के न्यू टाउन और हावड़ा के उदय नारायणपुर में दो भाजपा कार्यकर्ताओं मधु मंडल और जाधव बोर (45) -की हत्या कर दी गई।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार को चुनाव में जीत का जश्न मनाने के बाद घर लौटते समय पीड़ितों में से एक को कथित तौर पर घसीटकर ले जाया गया और धारदार हथियारों से हमला किया गया। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। चुनाव के बाद राज्य के कुछ हिस्सों में तनाव बढ़ने के मद्देनजर पुलिस ने सभी घटनाओं की जांच शुरू कर दी है।


