
पाटन। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत पतोरा में 6.50 लाख रुपये की कथित फिक्स डिपॉजिट (एफडी) को लेकर बड़ा वित्तीय गड़बड़ी का मामला सामने आया है। इस संबंध में जनपद सदस्य श्रीमती चंद्रिका चित्रसेन कलिहारी ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पाटन को लिखित आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, पंचायत चुनाव 2025 के बाद जब वर्तमान सरपंच भुनेश्वर साहू ने पदभार ग्रहण किया, तब उन्हें तत्कालीन सचिव एवं पूर्व सरपंच द्वारा पंचायत के बैंक खातों के साथ 6.50 लाख रुपये की एफडी होने की जानकारी दी गई थी। हालांकि, इस एफडी से संबंधित कोई खाता क्रमांक या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
मामले की सच्चाई जानने के लिए सूचना के अधिकार (RTI) के तहत जानकारी प्राप्त की गई, जिसमें यह खुलासा हुआ कि ग्राम पंचायत पतोरा के नाम से किसी भी बैंक में ऐसी कोई फिक्स डिपॉजिट दर्ज नहीं है। इससे पूरे मामले में गंभीर अनियमितता और वित्तीय गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है।
जनपद सदस्य ने अपने आवेदन में मांग की है कि पंचायत के सभी वित्तीय अभिलेखों और बैंक खातों की गहन जांच की जाए। साथ ही तत्कालीन सचिव और पूर्व सरपंच की भूमिका की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित व्यक्तियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि पंचायत की राशि का सही उपयोग सुनिश्चित हो सके और भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं पर रोक लग सके।
एफडी नहीं तो राशि कहां?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब पंचायत के नाम पर कोई फिक्स डिपॉजिट ही नहीं है, तो 6.50 लाख रुपये की राशि आखिर कहां और किस खाते में जमा थी। यह सवाल पूरे मामले को और अधिक संदिग्ध बना रहा है, जिसका जवाब अब जांच के बाद ही सामने आ पाएगा।


