
पाटन। अमलेश्वर थाना परिसर में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस ने नगर पालिका परिषद अमलेश्वर के पूर्व उपाध्यक्ष उमेश साहू, उनकी पत्नी अनिता साहू तथा अन्य आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम अमलेश्वर निवासी हेमंत साहू ने शिकायत दर्ज कराई है कि 8 जून 2026 को दोपहर करीब 12 से 12:30 बजे के बीच वह अपने चाचा मोरध्वज साहू की जमानत संबंधी कार्य के सिलसिले में अमलेश्वर थाना पहुंचे थे। इसी दौरान थाना परिसर में मौजूद अनिता साहू, उनके पति उमेश साहू और अन्य लोगों ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि घटना थाना परिसर में हुई, जिसे वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने भी देखा। मामले की लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच उपरांत प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2), 115(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
पुलिस द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है तथा संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। थाना परिसर में हुई इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।


