
चेन्नई। Celebrity News: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय एक बार फिर सुर्खियों में हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हें लगातार खास तोहफे मिल रहे हैं, लेकिन इस बार उन्हें ऐसा गिफ्ट मिला जिसे पाने का सपना विराट कोहली के करोड़ों फैंस देखते हैं। मशहूर टायर कंपनी MRF की टीम ने मुख्यमंत्री विजय से मुलाकात कर उन्हें विराट कोहली के ऑटोग्राफ वाला क्रिकेट बैट भेंट किया। इस खास तोहफे को पाकर विजय बेहद खुश नजर आए और उन्होंने बैट के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
शुक्रवार को सचिवालय में MRF कंपनी की टॉप मैनेजमेंट टीम तमिलनाडु में अपने कारोबार और औद्योगिक गतिविधियों को लेकर चर्चा करने मुख्यमंत्री विजय से मिलने पहुंची थी। औपचारिक बैठक के बाद टीम ने विजय को विराट कोहली के साइन किया हुआ बैट गिफ्ट किया। तस्वीरों में विजय मोनोक्रोम सूट और पारंपरिक अंगवस्त्रम में नजर आए। उन्होंने मुस्कुराते हुए बैट को हाथ में थामकर कैमरे के सामने पोज दिए।

सोशल मीडिया पर फैंस इस तस्वीर को जमकर शेयर कर रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि “जिस बैट को पाने के लिए कोहली फैंस तरसते हैं, वो अब तमिलनाडु के CM विजय के पास है।” वहीं क्रिकेट और सिनेमा दोनों के फैंस इस खास पल को लेकर उत्साहित दिखाई दिए।
गौरतलब है कि तमिल सिनेमा के सुपरस्टार विजय ने साल 2024 में अपनी राजनीतिक पार्टी ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ (TVK) बनाकर राजनीति में एंट्री की थी। फिल्मों में लंबे समय तक सुपरस्टार रहने के बाद अब वह पूरी तरह राजनीति में सक्रिय हो चुके हैं। उनकी आखिरी फिल्म ‘जननेता’ को लेकर भी फैंस के बीच काफी उत्साह बना हुआ है।



