‘टूरा भोको लोलो’ से घर-घर पहचान बनाने वाले छत्तीसगढ़ी रैपर एप्पी राजा का निधन

NFA@0298
4 Min Read


रायपुर। छत्तीसगढ़ी रैप जगत के लिए शुक्रवार का दिन एक बेहद दुखद खबर लेकर आया। प्रदेश के चहेते रैपर और सिंगर चेतन चांडक (Appy Raja) अब हमारे बीच नहीं रहे। मात्र 32 वर्ष की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।

वे पिछले काफी समय से एक गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और रायपुर के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही संगीत प्रेमी, फैंस और कलाकार सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, करीब छह महीने पहले एप्पी राजा की तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि एक ऑपरेशन के बाद उनके शरीर में खून बनना कम हो गया था।

डॉक्टरों के अनुसार, लगातार हीमोग्लोबिन गिरने की वजह से उन्हें बेहद कमजोरी, चक्कर आना और सांस लेने में तकलीफ जैसी दिक्कतें हो रही थीं। डॉक्टर्स की पूरी टीम उनकी निगरानी कर रही थी और उन्हें लगातार ब्लड भी चढ़ाया जा रहा था, लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी उनकी सेहत में सुधार नहीं हुआ और वे जिंदगी की जंग हार गए।

भानुप्रतापपुर से शुरू हुआ सफर, कड़े संघर्ष से बनाई पहचान

कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर के रहने वाले एप्पी राजा ने बेहद साधारण परिवार से निकलकर अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। बचपन से ही उन्हें संगीत और रैप लिखने का जुनून था।

एक वक्त ऐसा भी आया जब आर्थिक तंगी के कारण उन्हें गुजरात के सूरत जाकर नौकरी करनी पड़ी, लेकिन संगीत का सपना उन्हें चैन से बैठने नहीं दे रहा था। वे वापस लौटे और कड़े संघर्ष के बीच छत्तीसगढ़ी भाषा, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों को अपने रैप के जरिए एक नई पहचान दी।

‘टूरा भोको लोलो’ ने बनाया स्टार, सोशल मीडिया पर बटोरे करोड़ों व्यूज

एप्पी राजा को सबसे बड़ी कामयाबी उनके सुपरहिट रैप सॉन्ग ‘टूरा भोको लोलो’ से मिली। यह गाना सोशल मीडिया पर ऐसा वायरल हुआ कि हर युवा की जुबान पर चढ़ गया। इसके बाद उन्होंने ‘आ जा रे टुरी तोला रसगुल्ला खवाहु’, ‘छत्तीसगढ़ एंथम’ और ‘चो चो हस’ जैसे कई ब्लॉकबस्टर गाने दिए।

सिर्फ मनोरंजन ही नहीं, उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और शहीद भगत सिंह जैसी महान हस्तियों पर भी बेहद प्रेरणादायक रैप तैयार किए थे। डिजिटल दुनिया में उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इंस्टाग्राम पर उनके करीब 2 लाख फॉलोअर्स और यूट्यूब पर लगभग 6 लाख सब्सक्राइबर्स थे।

उनके गानों को यूट्यूब पर 13 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है। साल 2015 में पंजाब की एक नामी म्यूजिक कंपनी के साथ काम करना उनके करियर का टर्निंग पॉइंट रहा। एप्पी राजा के जाने से छत्तीसगढ़ी रैप इंडस्ट्री ने अपनी सबसे ऊर्जावान और बुलंद आवाज खो दी है, लेकिन उनके गीत हमेशा लोगों के दिलों में गूंजते रहेंगे।



Source link

Share This Article
Leave a Comment