
बिलासपुर। CG NEWS : जिले के बिल्हा क्षेत्र में चलती गाड़ियों पर ईंट-पत्थर फेंककर दुर्घटना कारित करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले के अनुसार, गत 20 अप्रैल को ग्राम झाल और बरतोरी के पास मेन रोड पर अज्ञात तत्वों ने एक ट्रक, मेटाडोर और स्कार्पियो वाहन पर अचानक ईंटें फेंक दी थीं, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरे, उनमें बैठे लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे और मैटाडोर चालक की मौत हो गई थी। इस सनसनीखेज घटना के बाद करीब 40-50 सीसीटीवी फुटेजों की बारीकी से जांच की गई, जिसके आधार पर मोटरसाइकिल सवार दो संदेही युवकों – नयापारा (धमतरी) निवासी 21 वर्षीय पंकज कुमार और कोहरौदा (बिल्हा) निवासी 30 वर्षीय मोहन निषाद को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में दोनों ने वाहनों पर पथराव करने की बात स्वीकार कर ली, मुख्य आरोपी ने बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने आया था, लेकिन फोन रिसीव नहीं होने से नाराज होकर उसने शराब के नशे में हाईवे से गुजर रहे वाहनों पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। जिसके बाद उनके पास से घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, ईंट और पत्थर जब्त कर उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।



