अवैध खनन पर कार्रवाई, चार मशीनें जब्त

NFA@0298
2 Min Read


अवैध खनन पर कार्रवाई, चार मशीनें जब्त


25-Apr-2026 8:54 PM

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 25 अप्रैल। राज्य में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के मामलों में निगरानी के तहत कार्रवाई की जा रही है। संचालनालय भौमिकी एवं खनिकर्म, नया रायपुर के केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता दल और जिला स्तरीय टीम ने 24 और 25 अप्रैल को संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया।

जिला सक्ती और जांजगीर-चांपा के स्वीकृत रेत खदानों का निरीक्षण किया गया। सक्ती जिले के घुरघट्टी, डोटमा, मरघट्टी, मिरौनी, सकराली, किकिरदा, देवरीमठ और करही खदानों में उत्खनन और परिवहन कार्य बंद पाया गया।

जांजगीर-चांपा जिले में हसदेव नदी के पास हथनेवरा घाट क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान दो चैन माउंटेन मशीनें संचालित होती मिलीं, जिन्हें जब्त किया गया। ग्राम नवापारा में दो एक्सकेवेटर मशीनें भी जब्त की गईं। सभी मशीनों को अग्रिम आदेश तक कोटवार की सुपुर्दगी में दिया गया है। कुल चार मशीनों की जब्ती कर प्रकरण दर्ज किया गया है।

मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 और छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के नियम 71 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

संयुक्त संचालक (खनि प्रशासन) भूपेंद्र चंद्राकर, खनि अधिकारी हीरादास भारद्वाज सहित जिला स्तरीय टीम के अधिकारी कार्रवाई में शामिल रहे।



Source link

Share This Article
Leave a Comment