
रायपुर। यूनियन क्लब के सक्रिय सदस्य अजय निहलानी के आकस्मिक निधन के बाद क्लब सहित पूरे शहर में शोक की लहर है। रविवार को यूनियन क्लब परिसर में आयोजित विशेष श्रद्धांजलि सभा में अध्यक्ष गुरुचरण सिंह होरा सहित पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस बीच भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने जानकारी देते हुए बताया कि अजय निहलानी के पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और पूरे छत्तीसगढ़ में शोक का माहौल है। अमित चिमनानी के अनुसार, जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संबंधित केंद्रीय विभाग से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि लिस्बन स्थित अस्पताल में पार्थिव शरीर रखा गया है और वहां प्रशासनिक स्तर पर औपचारिकताओं में तेजी लाई जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने इस मामले को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर चर्चा की है और केंद्र सरकार इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रही है। पहले जहां पार्थिव शरीर को भारत लाने में 10 से 15 दिन लगने की संभावना जताई जा रही थी, वहीं अब भारत सरकार, छत्तीसगढ़ सरकार के प्रयासों के चलते पार्थिव शरीर को 2 से 4 दिनों के भीतर भारत लाने की उम्मीद है।

वहीं यूनियन क्लब के अध्यक्ष गुरुचरण सिंह होरा ने प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में दोनों सरकारों ने जिस संवेदनशीलता और तत्परता के साथ पहल की है, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के स्तर पर किए गए प्रयासों से अजय निहलानी के पार्थिव शरीर को शीघ्र भारत लाने की प्रक्रिया में तेजी आई है।
श्री होरा ने कहा कि अजय निहलानी यूनियन क्लब परिवार के बेहद प्रिय और सक्रिय सदस्य थे। उनके असामयिक निधन से न केवल क्लब बल्कि पूरे सामाजिक और व्यावसायिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी होंगी और पार्थिव शरीर शीघ्र रायपुर पहुंचेगा, ताकि परिवारजन, मित्र और शुभचिंतक उन्हें अंतिम विदाई दे सकें। उन्होंने इस कठिन समय में निहलानी परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।



