देवरीबंगला /अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा हम हैं शक्ति, हम हैं नारी थीम पर सुरसुली के नर्मदाधाम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष कांति प्रकाश सोनबरसा थी।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम में जनपद सदस्य टुमन साहू, चित्ररेखा साहू, अनुपी भुआर्य, विशेष अतिथि थे।अपने संबोधन में जनपद अध्यक्ष ने कहा कि भारत में नारी को माता का दर्जा दिया गया है और छत्तीसगढ़ को “महतारी” कहा जाता है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ से मिनीमाता लोकसभा की पहली महिला सदस्य बनी थीं, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है। वर्तमान में देश की राष्ट्रपति महिला है। उन्होंने कहा कि पंचायतों में महिलाओं की 50 प्रतिशत भागीदारी है। जनपद और पंचायतो में आधे से अधिक महिलाएं निर्वाचित हुई हैं।जनपद सदस्य टुमन साहू ने कहा कि महिलाएं समाज की जड़ के समान हैं, जो अपने त्याग, समर्पण और मेहनत से परिवार और समाज को मजबूत बनाती हैं। महिलाएं सशक्त एवं आत्मनिर्भर बन रही है।आज महिलाएं “लखपति दीदी” बनकर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं और हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने बेटियों की शिक्षा पर जोर देते हुए रानी दुर्गावती योजना का उल्लेख किया। बेटी के 18 वर्ष पूर्ण होने पर 1 लाख 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है।जनपद में महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति अनूपी भूआर्य ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। आजीविका मिशन के माध्यम से लाखों महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और कई महिलाएं “लखपति दीदी” बनकर नई पहचान स्थापित कर रही हैं।
जनपद सदस्य चित्ररेखा साहू ने कहा कि राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से महिलाएं सशक्त हो रही हैं। सक्षम योजना के माध्यम से महिलाओं को ऋण की सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के हाथों में कला और हुनर है, जिसे पहचान कर आगे बढ़ाना आवश्यक है।महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना देवरी की अधिकारी अपर्णा श्रीवास्तव ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। महिलाओं को एक ही छत के नीचे सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शासन प्रतिबद्ध है। महिलाएं समाज की वास्तविक शक्ति हैं। वे मां, बहन और पत्नी के साथ-साथ समाज के प्रति भी अपने दायित्वों का जिम्मेदारी पूर्वक निर्वहन कर रही है। उन्होंने महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी। एनीमिया, बुखार जैसी समस्याओं को नजरअंदाज न करें तथा सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए वैक्सीन अवश्य लगवाएं। एक स्वस्थ मां ही स्वस्थ समाज की आधारशिला होती है।
कार्यक्रम मे विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 40 महिलाओं को सम्मानित किया गया। दो गर्भवती की गोद भराई एवं एक बच्चे का अन्नप्राशन कराया गया। कार्यक्रम के दौरान बस्तर में आयोजित मुख्यमंत्री महतारी वंदन वृहद सम्मेलन का सीधा प्रसारण भी उपस्थित लोगों ने सुना।
कार्यक्रम में पूर्व सरपंच केशव शर्मा, जागेश्वर साहू, पर्यवेक्षक , महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।


