शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी का रुख, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

NFA@0298
5 Min Read



नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच समझौता होने की पुष्टि के बाद दुनिया के ज्यादातर शेयर बाजार की तरह ही घरेलू शेयर बाजार में भी आज शुरुआती कारोबार के दौरान जबरदस्त तेजी का रुख बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी।

बाजार खुलने के बाद मुनाफा वसूली के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में कुछ गिरावट भी आई, लेकिन थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया।

लिवाली के सपोर्ट से दोनों सूचकांकों ने दोबारा रफ्तार पकड़ ली। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 1.44 प्रतिशत और निफ्टी 1.35 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से श्रीराम फाइनेंस, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टूब्रो, इंटरग्लोब एवियशन और टाइटन कंपनी के शेयर 7.75 प्रतिशत से लेकर 3.95 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

दूसरी ओर, नेस्ले, ओएनजीसी, टेक महिंद्रा, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयर 3.29 प्रतिशत से लेकर 0.71 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,999 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,518 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 481 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।

इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 28 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर दो शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 42 शेयर हरे निशान में और आठ शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 1,197.32 अंक की मजबूती के साथ 76,725.27 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली शुरू हो जाने के कारण यह सूचकांक 76,524.17 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली शुरू कर दी, जिससे सेंसेक्स की चाल में दोबारा तेजी आ गई।

खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक उछल कर 76,821.07 अंक तक आ गया। इसके बाद एक बार फिर भी बिकवाली का दबाव बनने की वजह से इस सूचकांक की चाल में मामूली गिरावट दर्ज की गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 1,086.51 अंक की बढ़त के साथ 76,614.46 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 361.95 अंक की छलांग लगा कर 23,984.85 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही मुनाफा वसूली के चक्कर में हुई बिकवाली के कारण यह सूचकांक पहले 15 मिनट में ही गिर कर 23,927.35 अंक के स्तर तक आ गया।

इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे निफ्टी की चाल में तेजी आ गई। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से पहले आधे घंटे के कारोबार में ही यह सूचकांक उछल कर 24,011.40 अंक तक पहुंच गया।

इसके बाद एक बार फिर बिकवाली शुरू होने के कारण इस सूचकांक की चाल में मामूली गिरावट दर्ज की गई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 317.80 अंक की मजबूती के साथ 23,940.70 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 1,695.40 अंक यानी 2.30 प्रतिशत की मजबूती के साथ 75,527.95 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 461.30 अंक यानी 1.99 प्रतिशत की उछाल के साथ 23,622.90 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।

 



Source link

Share This Article
Leave a Comment