लखीमपुर में गर्मी का कहर: पारा 42° पार,धूप और तपती सड़कों ने बढ़ाई मुश्किलें

NFA@0298
2 Min Read



लखीमपुर-खीरी,21 मई(तरूणमित्र)। ज़िले में पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। गुरुवार को शहर का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे दिनभर तेज चमकदार धूप और दहकती सड़कों ने आमजन की परेशानियां बढ़ा दीं। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही बेहद कम दिखाई दी, जबकि बाजारों में भी दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। तेज गर्म हवाओं और उमस भरी तपिश के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। गर्मी का असर सबसे ज्यादा बच्चों, बुजुर्गों और दिहाड़ी मजदूरों पर देखा जा रहा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे हीट वेव जैसी स्थिति बनने की आशंका है।

विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। उनका कहना है कि यदि बाहर निकलना मजबूरी हो तो शरीर को पूरी तरह ढककर ही निकलें, सिर पर कपड़ा या टोपी रखें और लगातार पानी पीते रहें। पानी में इलेक्ट्रोल या ओआरएस मिलाकर पीना शरीर के लिए अधिक फायदेमंद रहेगा। डॉक्टरों ने खास तौर पर बच्चों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। साथ ही यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, घबराहट, सिर दर्द या जी मिचलाने जैसी समस्या महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की बात कही है। भीषण गर्मी के बीच शहरवासियों को फिलहाल बारिश या राहत मिलने का इंतजार है।

 



Source link

Share This Article
Leave a Comment