
रील बनाने के चक्कर में मांड नदी में कूदा, 23 घंटे बाद मिली लाश
03-Jun-2026 5:33 PM
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 3 जून। रायगढ़ जिले में दोस्तों के साथ घूमने गया एक युवक नहाते समय 35 फीट पुल के उपर से रील बनाने के चक्कर में नदी में कूद गया। आज एसडीआरएफ की टीम ने 23 घंटे बाद उसका शव ढूंढकर निकाला। इस घटना के बाद से मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई है। मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है।
हाटी गांव में रहने वाले तीन दोस्त जयसिंह अगरिया, पिंटू निषाद एवं हीरालाल मंगलवार की सुबह घूमने धरमजयगढ़ क्षेत्र के अंबेटिकरा गए हुए थे। जहां तीनों मांड नदी में नहा रहे थे। इसी बीच अचानक जयसिंह अगरिया का मन बदला और वह पुल के उपर से कूदने का विचार किया और अपने एक दोस्त को वीडियो बनाने को कहा। इस दौरान उसने दोस्तों ने उसे मना भी किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा, और फिर जैसे ही वह 35 फीट उपर से पानी में कूदा, जिसके बाद से वह बाहर नहीं निकल सका। इस घटना के बाद उसके दोस्त काफी खोजबीन किये, लेकिन जयसिंह के नहीं मिलने के बाद उन्होंने घटना की जानकारी परिजनों के साथ-साथ पुलिस को भी दी।
मांड नदी में युवक के लापता हो जाने की जानकारी मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम पहुंचकर युवक की पतासाजी की, लेकिन देर शाम तक कुछ पता नहीं चलने के बाद आज सुबह से फिर एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई थी और आखिरकार 23 घंटे से बाद एसडीआरएफ की टीम ने युवक के शव को बरामद कर लिया है। जिसके बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भेजते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हर साल होती है घटना
मांड नदी के पुल उपर से युवक के कूदने के बाद से लापता हो जाने की घटना के बाद मौके पर पहुंचे क्षेत्र के लोगों ने बताया कि अंबेटिकरा मांड नदी के पास पानी में डूबने मौत की घटनाएं हर साल होते रहती है। इस जगह में पानी की गहराई अधिक होने के चलते यहां डूबने वालों के शव को बड़ी मशक्कत से बाहर निकाला जाता है।
सतह तक नहीं पहुंच पा रहे थे गोताखोर
इस घटना के बाद से कल शाम से घटना स्थल पर लोगों की भीड़ के अलावा पुलिस एवं गोताखोरों की टीम पहुंचकर पानी में डूबे युवक की तलाश में जुटी हुई है। पानी गहरा होने के चलते न तो गोताखोरों की टीम सतह तक पहुंच पा रही थी और न ही उनका हुक नीचे तक पहुंच पा रहा है, ऐसे में लापता युवक को ढूंढने ऑक्सीजन मॉक्स मंगाया जा रहा था, इसी बीच युवक का शव बरामद हो गया है।
इस संबंध में धरमजयगढ़ थाना प्रभारी राजेश जांगड़े ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एसडीआरएफ को घटना स्थल पर बुलाया गया। आज सुबह से रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिये युवक के शव को बरामद करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।


