रायपुर एयरपोर्ट पर खराब मौसम की वजह से दो फ्लाइट नागपुर डायवर्ट; कंपनी ने कहा- एक हफ्ते में एयर फेयर वापस लीजिए या कैब से जाइये रायपुर

NFA@0298
3 Min Read


रायपुर। छत्तीसगढ़ के Raipur Airport में खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण शनिवार की रात हवाई यातायात प्रभावित हो गई। दिल्ली से रायपुर आ रही विस्तारा की फ्लाइट और हैदराबाद से रायपुर पहुंचने वाली इंडिगो की ATR फ्लाइट रायपुर एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सकीं। दोनों विमानों को एटीसी के निर्देश पर नागपुर डायवर्ट किया गया।

डायवर्ट होने के बाद जब फ्लाइट्स रायपुर नहीं आ सकीं तो कंपनियों ने एयर फेयर वापस करने और कैब से रायपुर भेजने की वैकल्पिक व्यवस्था की।

द लेंस को मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के अनुसार, दोनों फ्लाइटों ने रायपुर में उतरने की कोशिश की, लेकिन खराब मौसम के चलते अनुमति नहीं मिल सकी। इसके बाद विमानों को नागपुर भेजा गया। थोड़ी देर के बाद दोबारा नागपुर से दोनों फ्लाइट रायपुर वापस आईं, लेकिन दूसरी बार आने पर भी इन्हें लैंडिंग की क्लीयरेंस नहीं मिली। जिसके बाद दोबारा दोनों फ्लाइट नागपुर में लैंड कराई गईं।

दूसरी बार लैंड कराने के बाद विमान कंपनी ने अब आगे उड़ान भरने से मना कर दिया।

यात्रियों का कहना है कि स्थिति ऐसी बनी कि फ्लाइटों को दो बार नागपुर ले जाया गया, जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई।

नागपुर में दूसरी बार लैंडिंग के बाद विमानन कंपनियों ने यात्रियों को रायपुर पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की। यात्रियों को एयर फेयर रिफंड करने और कैब से रायपुर भेजने जैसी वैकल्पिक व्यवस्था का विकल्प दिया गया।

किराया रिफंड में यात्रियों को एयर फेयर राशि नगद वापस करने की बात हुई, लेकिन फिर कंपनी की तरफ से कहा गया कि राशि नगद नहीं मिलेगी। जिस ऑनलाइन पेमेंट से टिकट बुकिंग हुई थी, उसी सिस्टम के  जरिए टिकट राशि 7 से 10 दिन के भीतर वापस आएगी।

इस पर अधिकांश यात्रियों ने कैब के जरिए रायपुर जाने की इच्छा जताई तो एयरलाइन ने यात्रियों के लिए कैब बुक कर रायपुर भेजने का निर्णय लिया।

एक यात्री ने द लेंस को फोन पर बताया कि दोनों फ्लाइट लगातार देरी और अनिश्चितता के कारण यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम से करीब 250 यात्री प्रभावित हुए हैं।



Source link

Share This Article
Leave a Comment