बीजापुर में तेंदूपत्ता गोदाम में भीषण आग

NFA@0298
3 Min Read


बीजापुर में तेंदूपत्ता गोदाम में भीषण आग


25-May-2026 7:47 PM

18 हजार मानक बोरे खाक, 10 करोड़ के नुकसान का अनुमान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बीजापुर, 25 मई। 
बीजापुर जिले के ईटपाल क्षेत्र में स्थित एक निजी तेंदूपत्ता गोदाम में सोमवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते गोदाम में रखे हजारों मानक बोरे जलकर खाक हो गए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस हादसे में करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य का तेंदूपत्ता नष्ट हो गया है। घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक आग दोपहर लगभग 2.30 बजे लगी। उस समय गोदाम में बड़ी मात्रा में तेंदूपत्ता संग्रहित था। साथ ही मजदूर भी गोदाम में मौजूद थे। लेकिन किसी भी मजदूर को कोई नुकसान नहीं हुआ है।

आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, लेकिन तेज गर्मी और सूखे वातावरण के चलते आग तेजी से फैलती चली गई। गोदाम से उठते धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देता रहा।

डीएफओ रमेश जांगड़े ने बताया कि विभाग द्वारा उक्त निजी गोदाम को किराये पर लिया गया था और पिछले दस दिनों से यहां तेंदूपत्ता का भंडारण किया जा रहा था। अब तक करीब 18 हजार से अधिक मानक बोरे जमा किए जा चुके थे, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गए। उन्होंने बताया कि नुकसान का प्रारंभिक आंकलन लगभग 10 करोड़ रुपये तक का बताया है।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। आग की भयावहता को देखते हुए विभागीय अधिकारी, पुलिस प्रशासन तथा नगर पालिका की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद रही। खबर लिखे जाने तक घंटों की मशक्कत के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास जारी रहा।

स्थानीय लोगों के अनुसार आग इतनी भीषण थी कि गोदाम के आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।



Source link

Share This Article
Leave a Comment