थाने में शिकायत वापस ली, कुछ घंटों बाद भाई ने बहन का गला काट दिया, गिरफ्तार-देवरी के परसुली गांव में रिश्तों का खौफनाक अंत, कैंची से हमला कर की हत्या; इलाज के दौरान युवती ने तोड़ा दम-

NFA@0298
3 Min Read


देवरीबंगला/ देवरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसुली में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। एक सनकी भाई ने मामूली घरेलू विवाद के बाद अपनी ही बहन की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। जिस भाई को बहन की सुरक्षा का प्रतीक माना जाता है, उसी ने उसकी जिंदगी छीन ली। मृतिका की पहचान तनीषा सोनकर (18) के रूप में हुई है। आरोपी उसका भाई पोषण सोनकर (21) है। घटना से कुछ घंटे पहले ही तनीषा अपने भाई के खिलाफ शिकायत लेकर देवरी थाना पहुंची थी। युवती ने पुलिस को आवेदन देकर भाई पर मारपीट, प्रताड़ना और दुर्व्यवहार के आरोप लगाए थे। सूचना के बाद देवरी पुलिस गांव पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश दी। मामला पारिवारिक होने के कारण तनीषा ने अपना आवेदन वापस ले लिया। पुलिस और परिजनों को लगा कि विवाद शांत हो गया है, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही घंटों बाद यह विवाद खूनी रूप ले लेगा।इलाज़ के दौरान युवती ने तोड़ा दम-बताया जा रहा है कि रात के समय तनीषा घर में सो रही थी। इसी दौरान आरोपी भाई पोषण सोनकर गुस्से में उसके कमरे में पहुंचा और धारदार कैंची से उसके गले पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से युवती लहूलुहान होकर गिर पड़ी और घर में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल तनीषा को तत्काल देवरीबंगला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर कर दिया। इलाज के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों के बीच निर्मम हत्या को लेकर भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। वहीं सूचना मिलते ही देवरी पुलिस ने आरोपी भाई पोषण सोनकर को गिरफ्तार कर लिया । पुलिस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और पारिवारिक विवाद के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। यह खौफनाक घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि घरेलू विवाद और मानसिक तनाव किस तरह खतरनाक आपराधिक घटनाओं में बदलते जा रहे हैं। परसुली गांव में हुई इस वारदात ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है।



Source link

Share This Article
Leave a Comment