
ट्रंप ने अपनी सेहत और उम्र को लेकर क्या कहा?
02-Jan-2026 10:04 AM
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक इंटरव्यू में अपनी सेहत को लेकर कहा कि वह डॉक्टरों की सलाह से ज़्यादा एस्पिरिन लेते हैं और अपने हाथों पर पड़ने वाले नीले निशान को छिपाने के लिए मेकअप का इस्तेमाल करते हैं.
उन्होंने कहा कि वह नियमित तौर पर कसरत नहीं करते, क्योंकि उन्हें यह काम “उबाऊ” लगता है.
ट्रंप ने ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ से यह भी कहा कि उन्होंने अक्तूबर में एक सिटी स्कैन कराया था जबकि इससे पहले वह पत्रकारों से ग़लती से कह चुके थे कि उन्होंने ज़्यादा डीटेल्ड एमआरआई स्कैन कराया है.
79 साल के ट्रंप अमेरिकी इतिहास में शपथ लेने वाले सबसे उम्रदराज़ राष्ट्रपति हैं और उनमें उम्र से जुड़े लक्षण दिखने लगे हैं. कई मौकों पर वह बैठकों में सोते हुए नज़र आए हैं और सवाल ठीक से सुन न पाने की स्थिति में भी दिखे हैं.
जर्नल के मुताबिक ट्रंप ने “अपनी सेहत को लेकर हो रही सार्वजनिक बहस पर चिढ़न जताई”, जिसे उन्होंने “बिल्कुल सही” बताया.
उन्होंने कहा, “आइए 25वीं बार फिर से सेहत पर बात करते हैं.” यह बात ट्रंप ने एक “अचानक किए गए फ़ोन कॉल” की शुरुआत में कही.
उन्होंने आगे कहा, “मेरी सेहत बिल्कुल ठीक है.” (bbc.com/hindi)


