
- पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह, साक्ष्य मिटाने की कोशिश भी उजागर
दुर्ग।जिले के पुलगांव थाना अंतर्गत पुलिस चौकी जेवरा सिरसा क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग एवं एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम करहीडीही निवासी महेंद्र कुमार निषाद ने 26 अप्रैल को सूचना दी थी कि रामनारायण निषाद उर्फ नारायण निषाद का शव दुर्गा मंच के पीछे स्थित खेत में संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ है। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और पोस्टमार्टम कराया, जिसमें हत्या की पुष्टि हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना एवं गहन पूछताछ के आधार पर 16 वर्षीय अपचारी बालक को हिरासत में लिया। पूछताछ में बालक ने अपने एक साथी के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते हत्या करना स्वीकार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि 25 अप्रैल की रात मृतक के नशे में होने का फायदा उठाकर आरोपियों ने पहले मारपीट की, फिर गमछे से उसके पैर बांधकर घसीटते हुए खेत तक ले गए और पत्थरों से कुचलकर उसकी हत्या कर दी।
जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि सावित्री निषाद (40 वर्ष), निवासी करहीडीही ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से खून से सने कपड़े और जूते जला दिए। पुलिस ने महिला आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
▶️ घटना का कारण:
पुरानी रंजिश एवं पूर्व विवाद
▶️ घटनास्थल:
दुर्गा मंच के पीछे खेत, ग्राम करहीडीही (चौकी जेवरा सिरसा)
▶️ आरोपी:
एक अपचारी बालक (नाम गोपनीय), सावित्री निषाद (40 वर्ष), एक अन्य आरोपी फरार
▶️ जप्त सामग्री:
घटना में प्रयुक्त पत्थर, जले हुए कपड़े एवं जूते सहित अन्य भौतिक साक्ष्य
▶️ पुलिस की कार्रवाई:
चौकी जेवरा सिरसा पुलिस टीम ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया। चौकी प्रभारी, विवेचना अधिकारी एवं स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही।
▶️ पुलिस की अपील:
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें। फरार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।


