रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (CM VISHNU DEO SAI) ने प्रदेश में प्रस्तावित शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बड़ा अपडेट साझा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में बताया कि प्रदेश में 5000 शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया इसी दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। इससे जहां युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, वहीं राज्य की शिक्षा व्यवस्था भी और मजबूत होगी।
उन्होंने लिखा, ‘हमारी सरकार छत्तीसगढ़ के युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश में 5000 शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया इसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है, जो न केवल युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करेगा, बल्कि शिक्षा व्यवस्था को भी और सुदृढ़ बनाएगा।‘
व्यापमं की तरफ से जारी संभावित तिथियों के आधार पर उन्होंने लिखा, ‘इसी क्रम में व्यापम द्वारा वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की संभावित तिथियां जारी कर दी गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सहायक शिक्षक की परीक्षा 11 अक्टूबर 2026, शिक्षक की परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 तथा व्याख्याता की परीक्षा 29 नवंबर 2026 को संभावित है।‘
उन्होंने सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए लिखा, ‘मैं सभी अभ्यर्थियों को उनकी तैयारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देता हूँ। मुझे विश्वास है कि आप सभी परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेंगे। आप सभी प्रदेश के भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले हैं। आप सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ। सभी अभ्यर्थियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं..’
यह भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ में IAS तबादले, कई अफसरों को नई जिम्मेदारी, डॉ. प्रसन्ना बने सहकारिता आयुक्त

