संदिग्ध परिस्थिति में युवक की मौत से इलाके में फ़ैली सनसनी, पत्नी पर हत्या का आरोप

NFA@0298
2 Min Read



पूर्णिया। रौटा थाना क्षेत्र अंतर्गत मलहारा मदरसा से पश्चिम पुराने कल्वर्ट (पुलिया) के समीप रविवार देर रात संदिग्ध अवस्था में 34 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कोचाधामन थाना क्षेत्र के भागपुनास गांव निवासी एहसान रजा के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता साबीर आलम ने रौटा थाना में लिखित आवेदन देकर अपने पुत्र की हत्या कराने का आरोप उसकी पत्नी शमरीन ताज पर लगाया है।

आवेदन में बताया गया है कि उनका पुत्र रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे सऊदी अरब से अपने गांव भागपुनास लौटा था। शाम करीब छह बजे अफतारी के दौरान उसकी पत्नी शमरीन ताज (पिता- समसाद आलम, साकिन- दोहमोहनी, थाना- रौटा, जिला- पूर्णिया) ने फोन कर उसे अपने मायके बुलाया। इसके बाद वह अफतारी छोड़कर ससुराल के लिए निकल गया।

रात करीब आठ बजे मृतक की पत्नी ने ही परिवार को फोन कर बताया कि उसका पति ससुराल नहीं पहुंचा है। इसके बाद परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। देर रात लगभग 12 बजे मलहारा मदरसा के पास पुराने पुलिया के निकट उसका शव बरामद हुआ।

परिजनों के अनुसार शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और काफी खून बहा हुआ था। मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि उनके पुत्र का वैवाहिक संबंध ठीक नहीं था और उन्हें आशंका है कि उनकी बहू ने अज्ञात व्यक्तियों की मदद से साजिश के तहत हत्या करवाई है।

इधर, थानाध्यक्ष कुमार कुणाल सौरव ने बताया कि आवेदन के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेजा गया है तथा एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस ने जल्द ही मामले के सफल उद्भेदन का भरोसा दिलाया है।

 



Source link

Share This Article
Leave a Comment