- जननी सुरक्षा योजना व जीवनदीप समिति खाते से 26 लाख से अधिक राशि का किया था दुरुपयोग
उतई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतई में पदस्थ कनिष्ठ सचिवीय सहायक (JSA) किरण भारत सागर द्वारा शासकीय खातों से लाखों रुपये की गबन-धोखाधड़ी करने का मामला उजागर हुआ है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार 01 दिसंबर 2025 को नारायण लाल बंजारे ने थाना पद्मनाभपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उत्तई के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र मोलन को जेएसए किरण भारत सागर के विरुद्ध वित्तीय अनियमितताओं संबंधी शिकायत मिली थी। इस पर खंड चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निकुम द्वारा एक जांच समिति का गठन किया गया।
जांच में पाया गया कि जननी सुरक्षा योजना तथा जीवनदीप समिति के शासकीय बैंक खातों से कुल 26,06,057.64 रुपये की अनियमित निकासी की गई है। आरोपी JSA किरण भारत सागर ने यह राशि अपने व्यक्तिगत बैंक खाते व परिचितों के खातों में अंतरण किया था, जिसका प्रमाण बैंक से प्राप्त स्टेटमेंट में मिला।
रिपोर्ट के आधार पर थाना उतई में अपराध क्रमांक 484/2025, धारा 316(5), 318(4) BNS पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू की गई।
■ पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस द्वारा आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने बताया कि गबन की गई राशि का उपयोग उसने अपने विभिन्न लोन की अदायगी में किया है। इनमें—
04 लाख – बजाज फाइनेंस
05 लाख – नावी फाइनेंस
01 लाख – यूनिटी बैंक
01 लाख 40 हजार – मनी व्यू
60 हजार – ग्रामीण कूट बैंक
70 हजार – श्रीराम फाइनेंस
40 हजार – सिम्स प्रायवेट कंपनी
इसके अलावा आरोपी ने बताया कि टीवीएस मोटरसाइकिल की खरीद भी इसी गबन की गई राशि से की गई। साथ ही 2,88,000 रुपये जननी सुरक्षा योजना एवं जीवनदीप समिति में वापस जमा भी किए गए।
■ जब्ती व गिरफ्तारी
आरोपिया द्वारा पेश किए गए दस्तावेजों — बैंक ऑफ इंडिया पासबुक, चेकबुक, पैन कार्ड तथा ओप्पो एएस प्रो मोबाइल फोन को पुलिस ने विधिवत जब्त किया। आरोपिया को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
■ पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक महेश कुमार ध्रुव, सउनि सुरेश पांडेय, आरक्षक राजीव दुबे, महेश यादव, महिला आरक्षक रीना तिवारी, मंजू ठाकुर और पूजा सोनकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपिया:
किरण भारत सागर, उम्र 39 वर्ष
निवासी – राजीव नगर, दुर्ग
थाना – कोतवाली दुर्ग, जिला दुर्ग

