
पाटन। रामनवमी के पावन एवं शुभ अवसर पर जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक अपने गृह ग्राम बटँग में आयोजित जोत-जँवारा विसर्जन कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ माता रानी की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर ग्राम के वरिष्ठजन, मातृशक्ति, युवा साथी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण व्याप्त रहा और माता रानी के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पूर्ण आस्था के साथ पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की शांति, उन्नति और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर अध्यक्ष कीर्ति नायक ने ग्रामवासियों से आत्मीय मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने माता रानी से प्रार्थना करते हुए कहा कि क्षेत्र के सभी परिवारों पर उनका आशीर्वाद बना रहे, सभी नागरिक स्वस्थ रहें तथा किसानों के खेतों में समृद्धि आए।
उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं, जो समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और हमें अपनी परंपराओं से जुड़े रहने की प्रेरणा देते हैं।


