राजधानी ग्रामीण जिला रक्त रंजित, 5 घंटे में 3 हत्या,एक हिस्ट्रीशीटर गंभीर
04-Mar-2026 10:41 PM
रायपुर, 4 मार्च। होली के रंगों के बीच राजधानी ग्रामीण जिला रक्त रंजित रहा। चप्पे चप्पे में पुलिस की मौजूदगी के दावे निर्मूल साबित हुए और रायपुर के आउटर में बुधवार को दिनदहाड़े 5 घंटे में 3 मर्डर हुए।एक वारदात में हिस्ट्रिशीटर गंभीर रूप से घायल हैं। पहली घटना 12 बजे के बाद आरंग के साहू पारा में हुई।दूसरी घटना खरोरा थाना क्षेत्र के माठ गांव में और तीसरी हत्या विधानसभा थाना के बरबंदा गांव में हुई।
चौथी घटना में तिल्दा इलाके हिस्ट्रीशीटर लाला यादव की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
पहली हत्या
आरंग क्षेत्र में नीरज लोधी अपने अन्य दो दोस्तों के साथ साहू टी स्टॉल कलई चौक जा रहा था, कि साहू पारा के संदीप किराना स्टोर के पास पहुंचे थे उसी समय पहले से वहां बहुत लडके खड़े थे जो तीनों के परिचित है, रंग गुलाल लगाने के लिए बाईक को रोक कर चाबी निकाल लिये। तीनों के द्वारा रंग गुलाल मत लगाओ बोलने पर संजू निषाद और उसके अन्य साथी गाली गलौज करने लगे और तीनो को बाईक से नीचे गिरा दिये तथा तीनों के साथ मारपीट करने लगे। संजू निषाद ने अपने हाथ में पहने लोहे के चूड़ा से नीरज लोधी के सिर पर मारा और जमीन पर गिरा तथा सभी उसके साथ मारपीट करते हुये अपने पास रखें चाकू से नीरज लोधी के सीने में वार किया, जिससे उपचार हेतु अस्पताल ले जाने पर उसकी मृत्यु हो गई। आरोपियों के विरूद्ध हत्या का अपराध दर्ज किया गया। आरंग पुलिस ने
हमलावरों को हिरासत में लिया है।
दूसरी हत्या
पुराना विधानसभा थाने के ग्राम मटिया में आपसी घरेलू बात को लेकर विवाद करते हुए कमलेश विश्वकर्मा एवं अखिलेश विश्वकर्मा ने अपने सगे भाई दिनेश कुमार विश्वकर्मा के साथ लडाई झगडा गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी देकर हाथ मुक्का एवं डण्डा से सिर में प्राणघातक हमला किया । इसमें मौके पर मृतक दिनेश कुमार विश्वकर्मा की मृत्यु हो गयी। पुलिस ने धारा 103(1), 3(5) दोनों भाईयों को गिरफ्तार कर लिया है।
माठ में एक की हत्या दो घायल
थाना खरोरा ग्राम माठ में डांस करने की बात को लेकर हुए विवाद में महिला आरोपी श्रीमती हीरा बाई पटेल एवं 2 नाबालिगों ने चाकू से मृतक मोहित धीवर पिता कुबेर उम्र 20 साल मांठ थाना खरोरा की हत्या कर दी । देवा वर्मा पिता नारद वर्मा उम्र 20 साल, कमलनारायण यादव पिता शक्ति यादव उम्र 22 साल निवासी ग्राम माठ पर हंसिया से वार किया ।जिनका उपचार जारी है। महिला सहित दोनों नाबालिग को हिरासत में लेकर अग्रिम कार्यवाही की जा रहीं है।*
पेट में चाकू मारा, हमलावर हिरासत में
तिल्दा नेवरा रेलवे फाटक पास स्थित अटल आवास में डांस करने की बात को लेकर हुये विवाद में आरोपी गोलू उर्फ़ कछुवा उम्र 20 वर्ष निवासी वार्ड 20 तिल्दा नेवरा द्वारा अपने पास रखे चाकू से लाला यादव उम्र 25 साल निवासी वार्ड 20 तिल्दा के पेट पर मारकर हमला किया गया। आरोपी गोलू उर्फ कछुवा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है ।

