
रायपुर। CG NEWS: रायपुर में आयोजित ‘मुख्यमंत्री किसान संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशभर से आए किसानों के साथ संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार खेती को अधिक लाभकारी, आधुनिक और टिकाऊ बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
किसान परिवार से आने का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने खुद खेती-किसानी की चुनौतियों को करीब से देखा है, इसलिए किसानों की जरूरतों और समस्याओं को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा कि आज कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों, मशीनों और वैज्ञानिक पद्धतियों के इस्तेमाल से बड़ा बदलाव आया है, जिससे किसानों की आय बढ़ाने के नए रास्ते खुल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण, उन्नत बीज, सिंचाई और कृषि यंत्रीकरण जैसी योजनाओं को किसानों के लिए आर्थिक मजबूती का आधार बताया। कार्यक्रम में ड्रोन दीदियों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि ड्रोन तकनीक के जरिए नैनो यूरिया और नैनो डीएपी का छिड़काव कम लागत और कम समय में संभव हो रहा है, जिससे खेती अधिक आधुनिक और लाभकारी बन रही है।
मुख्यमंत्री ने जैविक खेती और नैनो उर्वरकों को भविष्य की जरूरत बताते हुए किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने खाद और बीज की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों से बचने की सलाह देते हुए कहा कि खरीफ सीजन के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है और कालाबाजारी रोकने सख्त निगरानी की जा रही है। इस दौरान किसानों ने ड्रैगन फ्रूट, अमरूद, पपीता, मौसंबी और आम जैसी फसलों की उन्नत खेती के अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि फसल विविधीकरण किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी जरिया है और आज का युवा खेती को आधुनिक उद्यम के रूप में देख रहा है, जो कृषि क्षेत्र के लिए सकारात्मक बदलाव है।



