पिंटू दुबे, बिलासपुर। CG News : बिलासपुर के मधुबन-दयालबंद क्षेत्र में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ खाद्य विभाग ने बुधवार को एक निर्णायक कार्रवाई करते हुए हड़कंप मचा दिया।
मुक्तिधाम के पास की गई इस बड़ी छापामार कार्रवाई के दौरान विभाग की टीम ने 14.2 किलोग्राम वाले 100 घरेलू सिलेंडर और 5 किलोग्राम वाले 263 गैस सिलेंडर सहित भारी मात्रा में चूल्हा बर्नर, रेगुलेटरों से भरी 8 बोरियां और प्रेशर वाल्व जैसे उपकरण बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल अवैध रूप से गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी के लिए किया जा रहा था।

जिले में अब तक कुल 8 प्रकरण दर्ज कर 310 से अधिक सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं, जिससे अवैध कारोबारियों पर दबाव बढ़ गया है। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह से न घबराएं और केवल नियमानुसार ही गैस की बुकिंग करें, क्योंकि आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ प्रशासन ऐसे बिचौलियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रखेगा।


