भिलाई पी.पी. यार्ड में एआई आधारित वैगन डैमेज डिटेक्शन सिस्टम

NFA@0298
2 Min Read


भिलाई पी.पी. यार्ड में एआई आधारित वैगन डैमेज डिटेक्शन सिस्टम


14-Mar-2026 10:32 PM

रायपुर, 14 मार्च। दपूमरे ने भिलाई स्थित पी.पी. यार्ड में एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित वैगन डैमेज डिटेक्शन सिस्टम की  स्थापना एवं कमीशनिंग किया है। 

इस अत्याधुनिक प्रणाली का उद्देश्य यार्ड परीक्षण के लिए आने वाली मालगाड़ियों के वैगनों में होने वाली भौतिक क्षतियों की शीघ्र एवं सटीक पहचान करना है, जिससे मरम्मत कार्य को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके तथा रेल संरक्षा को सुदृढ़ किया जा सके।

यह एआई आधारित प्रणाली मशीन लर्निंग एल्गोरिदम के माध्यम से वैगनों में होने वाली विभिन्न प्रकार की भौतिक क्षतियों की पहचान करती है। इसके अंतर्गत वैगनों में डोर की कमी, क्षतिग्रस्त दरवाजे, अवशिष्ट माल (रेजिडुअल कंसाइनमेंट), फर्श की शीट का अभाव, बॉडी पैनल की कमी आदि जैसे दोषों का स्वतः पता लगाया जा सकता है। किसी भी रेक के यार्ड में प्रवेश करने और सिस्टम से गुजरने के पश्चात यह प्रणाली स्वचालित रूप से प्रत्येक वैगन नंबर के साथ चिन्हित दोषों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर देती है।

इस प्रणाली में उच्च गुणवत्ता वाले हाई-डेफिनिशन मशीन विज़न कैमरों (06 इकाइयाँ), विशेष प्रकाश स्रोत तथा एक समर्पित सर्वर रूम की व्यवस्था की गई है। कैमरों द्वारा प्राप्त चित्रों एवं संकेतों को सर्वर पर प्रोसेस कर विश्लेषण किया जाता है, जिसके आधार पर प्रत्येक वैगन की स्थिति का विस्तृत एवं सटीक रिपोर्ट तैयार किया जाता है।

एआई आधारित यह प्रणाली यार्ड में पारंपरिक निरीक्षण प्रक्रिया प्रारंभ होने से पूर्व ही वैगनों में संभावित क्षतियों का समग्र अवलोकन उपलब्ध कराती है। इससे यार्ड परीक्षण के दौरान दोषों की पहचान, मरम्मत की योजना बनाने तथा आवश्यक सुधार कार्यों को शीघ्रता से पूरा करने में सहायता मिलती है। यह प्रणाली स्व-अध्ययन (सेल्फ-लर्निंग) एआई तकनीक पर आधारित है, जिसके कारण समय के साथ इसकी कार्यक्षमता और सटीकता में निरंतर वृद्धि होती रहती है तथा सिस्टम द्वारा संकलित डाटा का विश्लेषण कर यह स्वयं को और अधिक सक्षम बनाता है।



Source link

Share This Article
Leave a Comment