
झांसी : बबीना थाना क्षेत्र के मुखियानगर गांव में एक भतीजे ने अपनी मां के साथ मिलकर चाची की बेरहमी से हत्या कर दी. हत्या के बाद दोनों ने शव को घर के पीछे जंगल में छिपा दिया. पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर इस पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. घटना सोमवार, 10 नवंबर की है. गांव की रहने वाली 55 वर्षीय शीला देवी (पत्नी गणेश रैकवार) दोपहर करीब दो बजे खेत पर काम करने गई थीं लेकिन शाम तक घर नहीं लौटीं. परिवार ने पूरी रात उनकी तलाश की, पर कोई सुराग नहीं मिला. अगले दिन यानी 11 नवंबर की सुबह ग्रामीणों ने घर के पीछे झाड़ियों के पास दुर्गंध महसूस की. खोजबीन करने पर एक गड्ढे में शीला का शव मिला.
महिला के चेहरे और गर्दन पर धारदार हथियार के गहरे निशान थे और उसके हाथ उसी की साड़ी से बांधे गए थे. शव को देखकर ही साफ लग रहा था कि उसकी निर्मम हत्या की गई है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू की.मृतका के पति गणेश प्रसाद रैकवार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए अपने ही परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया. उन्होंने बताया कि हत्या उनके छोटे भाई स्वर्गीय जगन रैकवार की पत्नी मीरा देवी और बेटे बृजलाल रैकवार ने की है. दोनों परिवारों में लंबे समय से खेत के रास्ते और जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था. मृतका के पति के मुताबिक, कुछ दिन पहले ही आरोपियों ने उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी. बबीना पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लिया और छानबीन शुरू की. महज 24 घंटे में पुलिस ने मीरा देवी और उसके बेटे बृजलाल रैकवार को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया और पूरी वारदात का खुलासा किया.

