बहराइच: पेट्रोल-डीजल की किल्लत महज अफवाह, जिला पूर्ति अधिकारी ने की शांति की अपील

NFA@0298
2 Min Read



बहराइच(तरुणमित्र संवाददाता)। जनपद में बुधवार शाम से अचानक पेट्रोल डीजल खत्म होने की अफवाहों को लेकर लोग गाड़ियों की टंकी फुल कराने के लिए पंपों पर उमड़ पड़े है। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल डीजल भरवाने को लेकर गाड़ियों की लंबी कतारें देखी जा रही है। पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर जिला प्रशासन ने तत्काल कड़ा रुख अपनाया है और इसे महज अफवाह बताते हुए इसका खंडन किया है। जिला पूर्ति अधिकारी नरेंद्र तिवारी ने स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी 121 पेट्रोल पंपों पर तेल की आपूर्ति निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि जितना पेट्रोल और डीजल पहले आता था, उतनी ही मात्रा में अभी भी उपलब्ध कराया जा रहा है। आपूर्ति में किसी भी प्रकार की कोई बाधा नहीं है। नरेंद्र तिवारी ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही भ्रामक खबरों के कारण लोग ‘पैनिक बाइंग’ अर्थात घबराहट में जरूरत से ज्यादा खरीदारी कर रहे हैं। ​”जिस व्यक्ति को मात्र 1 लीटर तेल की आवश्यकता है, वह भी 4 से 5 लीटर तेल भरवा रहा है। इससे अनावश्यक रूप से अनिश्चितता की स्थिति पैदा हो रही है। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालक इस अफवाह के चलते अधिक प्रभावित दिख रहे हैं।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बहराइच नगर का केवल एक पंप बंद है, जो कि तकनीकी या अन्य कारणों से काफी पहले से बंद चल रहा है। इसके अलावा जनपद के अन्य सभी पंप पूर्व की भांति सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं। जिला पूर्ति अधिकारी ने जनपद वासियों से अपील की है कि ​किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। ​केवल आवश्यकतानुसार ही तेल भरवाएं। ​पैनिक न करें, क्योंकि तेल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिदिन गाड़ियां आ रही हैं।



Source link

Share This Article
Leave a Comment