सूरजपुर। CG Forest Guard Viral Video : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक फॉरेस्ट गार्ड की सरेआम पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल गया है। इस घटना ने न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, बल्कि वन विभाग के भीतर भी बड़ी हलचल मचा दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएफओ डीपी साहू ने संबंधित फॉरेस्ट गार्ड को कड़ा नोटिस जारी किया है।

जारी नोटिस में डीएफओ ने स्पष्ट किया है कि वर्दी में मारपीट जैसी गंभीर घटना घटने के बावजूद फॉरेस्ट गार्ड बुधराम पैकरा ने इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों या विभागीय कार्यालय को नहीं दी। विभाग का मानना है कि इस तरह की घटनाओं को छिपाना विभाग की छवि को धूमिल करता है और अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।
डीएफओ ने बुधराम पैकरा को 3 दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण पेश करने का निर्देश दिया है। विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि आखिर फॉरेस्ट गार्ड ने यह बात क्यों छिपाई। स्पष्टीकरण मिलने के बाद ही मामले में आगे की दंडात्मक कार्रवाई तय की जाएगी।


