फर्जी बैनामे के खेल का खुलासा, 5 साल से फरार शातिर आरोपी बाराबंकी से गिरफ्तार

NFA@0298
2 Min Read



लखनऊ। राजधानी के वजीरगंज थाना क्षेत्र में जमीन के फर्जी बैनामे और धोखाधड़ी के एक चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वजीरगंज पुलिस ने सुनियोजित साजिश के तहत फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन का बैनामा कराने वाले एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले कई वर्षों से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट तथा कुर्की की कार्रवाई भी जारी की जा चुकी थी।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2021 में दर्ज मुकदमे में आरोप था कि कुछ लोगों ने मिलकर असली जमीन मालिक की जगह एक फर्जी व्यक्ति को खड़ा कर दिया और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन का बैनामा करा लिया। इस पूरे फर्जीवाड़े में आरोपी हरीश कुमार ने भी भूमिका निभाई थी और वह बैनामे में गवाह बना था।

मामला सामने आने पर वादी हीरालाल लोधी राजपूत की शिकायत पर थाना वजीरगंज में धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और आपराधिक साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और जांच में सहयोग नहीं कर रहा था।

पुलिस को हाल ही में सूचना मिली कि आरोपी हरीश कुमार अपने गांव बाराबंकी के रामसनेहीघाट क्षेत्र स्थित गढ़ीमऊ गांव आया हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पैसों के लालच में अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी बैनामे में भूमिका निभाई थी। पुलिस अब उसके अन्य साथियों और पूरे गिरोह की भूमिका की भी जांच कर रही है।गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।



Source link

Share This Article
Leave a Comment