प्रकाश इंडस्ट्रीज में भट्ठी से पिघला लोहा रिसा, विस्फोट से मची अफरा-तफरी

NFA@0298
3 Min Read


प्रकाश इंडस्ट्रीज में भट्ठी से पिघला लोहा रिसा, विस्फोट से मची अफरा-तफरी


25-Apr-2026 12:32 PM

भागने के दौरान एक मजदूर घायल, धुएं और धमाके से फैली दहशत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 

जांजगीर-चांपा, 25 अप्रैल।
जिले में स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्लांट में शुक्रवार को एक हादसा हो गया। फर्नेस में अचानक हुए विस्फोट और पिघले हुए गर्म धातु के रिसाव से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाकों में भी दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, कास्टिंग प्रक्रिया के बाद दोपहर में निरीक्षण के दौरान आईएफडी शेड स्थित फर्नेस का तापमान अत्यधिक पाया गया। जब भट्ठी को झुकाने का प्रयास किया गया, तभी उसके निचले हिस्से से पिघला हुआ गर्म लोहा रिसने लगा। इसी दौरान अचानक धुआं उठने लगा और स्थिति भयावह हो गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

घटना के बाद मजदूरों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सुरक्षित स्थान की ओर भागते समय एक मजदूर गिर गया, जिससे उसके पैर की एड़ी में चोट आई। कंपनी प्रबंधन ने दावा किया है कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।

हादसे के तुरंत बाद प्लांट परिसर में 4 से 5 एम्बुलेंस पहुंचीं, जिससे लोगों में आशंका और बढ़ गई कि कई मजदूर घायल हुए हैं। हालांकि बाद में स्पष्ट हुआ कि एम्बुलेंस एहतियात के तौर पर बुलाई गई थीं और केवल एक ही व्यक्ति घायल हुआ है।

घटना की खबर मिलते ही मजदूरों के परिजन प्लांट के बाहर पहुंच गए। कई लोग रोते-बिलखते नजर आए, तो कुछ फोन के जरिए अपने परिजनों की कुशलक्षेम जानने की कोशिश करते रहे।  

चांपा एसडीएम पवन कोसमा ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और प्रशासन की टीम लगातार निगरानी कर रही है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि इसी प्लांट में पिछले वर्ष हुए भट्ठी विस्फोट में जीएम स्तर के अधिकारी समेत 13 लोगों की मौत हो गई थी। 



Source link

Share This Article
Leave a Comment