
लखनऊ । राजधानी के पीजीआई इलाके में गुरुवार शाम जो मंजर दिखा, उसने हर किसी को सन्न कर दिया। बरौली फ्लाईओवर के किनारे 9वीं कक्षा की छात्रा मानसी खून से लथपथ बेसुध हालत में पड़ी मिली, सिर और गले पर गंभीर चोट के निशान थे। कुछ ही दूरी पर उसकी सहेली और एक दोस्त भी घायल मिले, लेकिन सवाल यह है कि क्या यह सिर्फ एक सड़क हादसा था या फिर हत्या को हादसे का रूप देने की खौफनाक कोशिश?
घटना के बाद से मानसी एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है, हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, इस मामले ने तब नया मोड़ ले लिया जब छात्रा की मां ने अपनी ही बेटी के दोस्तों पर गला रेतने और जान से मारने की कोशिश जैसे सनसनीखेज आरोप लगा दिए।
क्रिसमस डे पर निकली, लहूलुहान हालत में मिली
एसीपी गोसाईगंज ऋषभ यादव के अनुसार, पीजीआई रुचिखंड निवासी मानसी क्रिसमस के दिन अपने दोस्तों के साथ प्लासियो मॉल घूमने गई थी। शाम करीब चार बजे राहगीरों ने बरौली फ्लाईओवर पर मानसी को खून से सनी हालत में पड़ा देखा। सिर और गले पर गहरे जख्म थे। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और तीनों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।
मां का आरोप: पहले पीटा, फिर हत्या की कोशिश
सोमवार को मानसी की मां नीतू सिंह पत्नी दीपक सिंह ने पीजीआई थाने पहुंचकर तहरीर दी। आरोप है कि बेटी की सहेली और पीछे बाइक से चल रहे दोस्त ने पहले मानसी के साथ मारपीट की और फिर जान से मारने की नीयत से उस पर हमला किया। मां का दावा है कि हादसे की कहानी गढ़कर सच्चाई छिपाने की कोशिश की जा रही है।मां के आरोपों के बाद पुलिस ने तीन दोस्तों के खिलाफ हत्या के प्रयास और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस की कहानी: तेज रफ्तार बनी वजह
हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। इंस्पेक्टर पीजीआई धीरेंद्र सिंह के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मानसी सहेली और दोस्त के साथ बाइक से अंसल की ओर से आ रही थी। फ्लाईओवर पर मोड़ लेते समय तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मानसी उछलकर लोहे की रेलिंग से टकरा गई, जबकि दोनों दोस्त सड़क पर गिर पड़े।
सवाल जो अब भी खड़े हैं
अगर यह सिर्फ हादसा था, तो गले पर चोट के निशान कैसे आए?
मानसी की हालत गंभीर, लेकिन दोस्त मामूली चोटों के बाद घर कैसे भेज दिए गए?
क्या हादसे के पीछे कोई पुरानी रंजिश या साजिश छिपी है?
फिलहाल, मानसी जिंदगी की जंग लड़ रही है और पूरा मामला हादसे बनाम हत्या की कोशिश के बीच उलझा हुआ है। पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन इस रहस्यमयी खूनखराबे ने लखनऊ को झकझोर कर रख दिया है।

