पद्मश्री से सम्मानित ‘सालूमरदा’ थिमक्का का 114 वर्ष की आयु में निधन

NFA@0298
2 Min Read



बेंगलुरु, 14 नवंबर। पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित और पर्यावरणविद् ‘सालूमरदा’ थिमक्का का शुक्रवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।

पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि 114 वर्षीय थिमक्का काफी समय से बीमार थीं और अस्पताल में भर्ती थीं, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

तीस जून, 1911 को जन्मीं थिमक्का को बेंगलुरु दक्षिण जिला मुख्यालय रामनगर में हुलिकल व कुदुर के बीच 4.5 किलोमीटर के क्षेत्र में 385 बरगद के पेड़ लगाने के लिए ‘सालूमरदा’ (वृक्ष माता) की उपाधि दी गई।

बिना किसी औपचारिक शिक्षा के थिमक्का ने वृक्षारोपण अभियान शुरू किया। वह पेड़ों को अपने बच्चों की तरह मानती थीं ताकि जीवन में निःसंतानता के कारण आए खालीपन को भर सकें।

अपने काम के लिए उन्हें 12 पुरस्कार मिले। उन्हें पद्मश्री (2019), हम्पी विश्वविद्यालय द्वारा दिए जाने वाले नादोजा पुरस्कार (2010), राष्ट्रीय नागरिक पुरस्कार (1995) और इंदिरा प्रियदर्शिनी वृक्षमित्र पुरस्कार (1997) से सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शोक संदेश में कहा, “सालूमरदा थिमक्का के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। थिमक्का ने हजारों पेड़ लगाए और उन्हें अपने बच्चों की तरह पाला। उन्होंने अपना अधिकांश जीवन पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित कर दिया।”

उन्होंने कहा कि भले ही थिमक्का स्वर्ग सिधार गई हों, लेकिन पर्यावरण के प्रति उनके प्रेम ने उन्हें अमर बना दिया है।

पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा, उनके पुत्र व केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी, उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा, कर्नाटक के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और कई राजनीतिक नेताओं ने थिमक्का के निधन पर शोक व्यक्त किया।(भाषा)



Source link

Share This Article
Leave a Comment