पत्नी की लाठी-डंडों से हत्या करने वाला पति गिरफ्तार, भेजा जेल

NFA@0298
2 Min Read



तिलहर/शाहजहांपुर। तहसील तिलहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जोधपुर नवदिया में शुक्रवार शाम घरेलू विवाद के चलते पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब सात बजे भैंसों को निकालने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान पति महाराज सिंह ने अपनी पत्नी मायादेवी (45) की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी ज्योति यादव व कोतवाली प्रभारी जुगल किशोर पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतका मायादेवी काफी समय से पति महाराज सिंह से विवाद के चलते अपने छोटे बेटे अतुल के साथ अलग रहती थीं, जबकि आरोपी पति बड़े बेटे हरिसुमरन के साथ रहता था। बताया गया कि घटना वाले दिन पहले आरोपी का अपने छोटे बेटे से विवाद हुआ, इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंची मायादेवी पर आरोपी ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस टीम ने रविवार को दोपहर करीब 1:30 बजे आरोपी महाराज सिंह पुत्र तोताराम, उम्र लगभग 50 वर्ष, को जेतीपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी भी बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि 16 जनवरी को शाम जानवर निकालने के रास्ते को लेकर हुए विवाद में उसने अपनी पत्नी मायादेवी को डंडा मारा था, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना में प्रयुक्त लाठी को उसने अपने खेत में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुअसं 0027/26 ब धारा 105 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार करने वालों में क्राइम इंस्पेक्टर सुनील कुमार यादव,हैड का भारतमढ़ी शामिल रहे।



Source link

Share This Article
Leave a Comment