नौ डाक अफसरों के तबादले, दो डाउन ग्रेड किए गए
01-Jan-2026 9:44 PM
बीजापुर रिश्वत कांड बस्तर अधीक्षक भी बदले
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 जनवरी ।डेढ़ माह पहले ही छत्तीसगढ़ डाक के सीपीएमजी का पदभार संभालने वाले डा अजय चौहान ने परिमंडल में अहम फेरबदल किया है। इसमें दो अधिकारियों को डाउन ग्रेड करते हुए पदस्थ किया है। इस बदलाव से पहले उन्होंने रायपुर बिलासपुर डाक संभाग का फील्ड निरीक्षण किया था। इस दौरान इनमें से कई अधिकारियों को आड़े हाथ ले चुके थे।
नए साल के पहले दिन आज जारी आदेशानुसार जेएस पाढ़ी एएसपी भिलाई दुर्ग ईस्ट डाक संभाग से उप अधीक्षक दुर्ग पदस्थ किया है। इसी तरह से एचआर साहू को एएसपी अंबिकापुर से अधीक्षक सरगुजा पदस्थ किया है। ये दोनों पद रिक्त थे।
एक अन्य आदेश अनुसार परिमंडल कार्यालय में अतिरिक्त निदेशक 4 के पद पर रहे रविलाल कचेर को एएसपी मेल मोटर यूनिट पदस्थ किया है। जो कचेर का मूल पद है। अब तक रायगढ़ डाक अधीक्षक रहे परमेश्वर कुर्रे को एएसपी ट्रेनिंग होंगे। बीजापुर में तीन कर्मचारियों की रिश्वतखोरी सामने आने के बाद बस्तर के अधीक्षक ज्ञानेश मिश्रा को एएसपी भिलाई स्थानांतरित किया गया है। उनकी जगह मो. नियाजुद्दीन को बस्तर पदस्थ किया गया है। महेंद्र कुमार शर्मा राजनांदगांव डाक संभाग अधीक्षक होंगे ।
ये दोनों हाल में पदोन्नत किए गए थे।
वहीं एस सेल्वा कुमार परिमंडल कार्यालय में सहायक निदेशक 4, एम चेल्लइया को मेनेजर डाक छंटनी केंद्र पदस्थ किया गया है। ये दोनों पदोन्नत होकर तमिलनाडु से स्थानांतरित होकर छत्तीसगढ़ भेजे गए थे।

