मुंबई। नासिक के ढोंगी बाबा अशोक खरात का काला कारनामा सामने आने के बाद बाबा के साथ नजदीकियों का खुलासा होने के बाद विपक्षियों द्वारा लगातार महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर के इस्तीफे की मांग की जा रही थी। यह घटनाक्रम शुक्रवार, (20 मार्च) शाम को सामने आया, जब मुख्यमंत्री देवन्द्र फडणवीस ने रूपाली चाकणकर को बैठक के लिए बुलाया और उनसे तत्काल इस्तीफ़े देने को कहा। विपक्षी पार्टियों की तरफ से की जा रही आलोचनाओं के बीच रूपाली चाकणकर ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से मुलाकात कर उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
बता दें कि पुलिस ने ढोंगी बाबा अशोक खरात को एक महिला का यौन शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया, इसके बाद अशोक खरात के कई कारनामे सामने आए। जिसे सुनकर लोग हैरान है। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर की खरात के साथ एक तस्वीर और उनके पैर पूजने का एक वीडियो सामने आया था। इसके बाद उनके इस्तीफे की मांग तेज हो गयी थी।
रूपाली चाकणकर ने पत्र में क्या कहा?
मुख्यमंत्री देवन्द्र फडणवीस को लिखे गए अपने त्यागपत्र में रूपाली चाकणकर ने कहा- मैं, रूपाली नीलेश चाकणकर, उपरोक्त विषय के संबंध में आपको आदरपूर्वक सूचित करना चाहती हूं कि मुझे 15 अक्टूबर 2024 को महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था। अतः निजी कारणों से, मैं इस पत्र के माध्यम से उक्त पद से स्वेच्छा से अपना त्यागपत्र प्रस्तुत कर रही हूं।
आप और आपके सभी सहयोगियों ने मुझ पर जो भरोसा दिखाया है और अपनी पूरी क्षमता से जो सहयोग दिया है, उसके लिए मैं अत्यंत आभारी हूं। मुझे विश्वास है कि आप भविष्य में भी ऐसा ही सहयोग देते रहेंगे। हालांकि, मैं आपसे विनम्रतापूर्वक राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष पद से मेरा त्यागपत्र स्वीकार करने का अनुरोध करती हूं।
फर्जी बाबा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
वहीं, दूसरी ओर इससे पहले रूपाली चाकणकर ने मुख्यमंत्री देवन्द्र फडणवीस और डीजीपी को पत्र लिखकर फर्जी बाबा के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई की मांग भी की। राज्य महिला आयोग ने सख्ती दिखाते हुए अशोक खरात (कैप्टन) मामले में SIT जांच की सिफारिश की थीं।
वीडियो मामले पर चाकणकर ने दी सफाई!
रूपाली चाकणकर बोलीं कि मैं जब प्रदेश अध्यक्ष थी, उस वक्त से मैं मंदिर ट्रस्ट का हिस्सा थी। उस ट्रस्ट का कार्यकाल मेरा पिछले साल खत्म हो गया है। मैं वहां के कार्यक्रमों में शामिल होती थी। हमने एक व्यक्ति को गुरु माना और परिवार समेत वहां के कार्यक्रमों में शामिल हुई। मीडिया में जो वीडियो दिखाया जा रहा है, वह पुराना है। वह गुरु पूर्णिमा का वीडियो है। आज हम जिसके साथ हैं वह आगे जाकर क्या करेगा, इसके बारे में हम अंदाजा नहीं लगा सकते।
उन्होंने आगे कहा कि मुझे बाद में यह घटना समझ आई। मैंने ट्वीट भी किया लेकिन खरात और उसके निजी जीवन के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं।
इस मामले में पुलिस निष्पक्ष जांच करे। इसके लिए मैं डीजी और राज्य के मुख्यमंत्री से मिली। साथ ही हमारी पार्टी की नेता और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से मिली और निष्पक्ष जांच की मांग की। जो हुआ, गलत और बुरा हुआ। आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो, यह मेरी मांग है।
महिलाओं का यौन शोषण करने का आरोप!
एक महिला ने पुलिस को बताया कि फर्जी बाबा खरात ने उसे अपने दफ्तर बुलाया था और दावा किया था कि उसकी भविष्यवाणियों के अनुसार, उसके पति की जान को खतरा है। बाबा उस महिला को नशीला पदार्थ मिला हुआ पेय पीने को देता था और नवंबर 2022 से दिसंबर 2025 के बीच कई बार उसके साथ बलात्कार किया था। यह भी आरोप लगाया गया है कि अशोक खरात ने इसी तरह कई अन्य महिलाओं का भी शोषण किया है।
नशीला पदार्थ पिलाकर बनाता यौन संबंध!
अशोक खरात के खिलाफ यौन शोषण का मामला दर्ज किया गया है। यह मामला नासिक के सरकारवाड़ा पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है। अशोक खरात पर उसने 35 वर्षीय महिला को बेहोशी की दवा देकर उसके साथ यौन संबंध बनाए। खरात को बुधवार, (18 मार्च) को करीब 3 बजे नासिक क्राइम ब्रांच की यूनिट 1 ने हिरासत में लिया और 24 मार्च तक उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।



