
पाटन । जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत पतोरा में गौण खनिज मद से निर्मित दुकानों की नीलामी राशि को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। राशि के स्पष्ट लेखा-जोखा नहीं मिलने और दस्तावेजों में अंतर सामने आने के बाद अब पंचायत प्रतिनिधियों ने मामले की जांच की मांग तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2024-25 में पंचायत द्वारा निर्मित दुकानों की नीलामी की गई थी, लेकिन नीलामी से प्राप्त राशि के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ रही है। पंचायत सचिव द्वारा दी गई जानकारी और बैंक पासबुक में दर्ज राशि में अंतर होने की बात भी सामने आई है, जिससे पूरे मामले पर संदेह गहरा गया है।
बैठक में प्रस्ताव, अब प्रशासन तक पहुंचा मामला……
शुक्रवार को ग्राम पंचायत पतोरा की बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया। चर्चा के बाद सदस्यों ने सर्वसम्मति से नीलामी राशि की जांच कराने का प्रस्ताव पारित किया। इसके बाद पंचायत प्रतिनिधियों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पाटन, लवकेश ध्रुव को आवेदन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा आवेदन सौंपे जाने के बाद अब प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की उम्मीद जताई है और मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पंचायत निधि का सही उपयोग सुनिश्चित हो सके। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से सरपंच भुनेश्वर साहू,उपसरपंच देवचरण कौशल,चित्रसेन कलिहारी,चुम्मन साहू,सरस्वती बाई, कामिनी बाई, डीलेश्वरी साहू,मुकेश कुमार,हेमचन्द ठाकुर,दीपक, गोरेलाल श्रीवास, नेमबाई,राधा ठाकुर,मनोज कुमार,कमलेश्वरी साहू,एकता,जामुन ठाकुर, दीप्ति श्रीवास,रूपेश कुमार,माहेश्वरी कुर्रे,दिलेश्वरी शामिल है।


