दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर मुठभेड़, 5 लाख का इनामी नक्सली ढेर

NFA@0298
2 Min Read


NAXAL ENCOUNTER : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और बीजापुर जिलों की सीमा पर स्थित घने जंगलों में 3 मार्च को पुलिस और माओवादियों के बीच तीखी मुठभेड़ हुई। गीदम थाना क्षेत्र के गुमलनार, गिरसापारा और नेलगोड़ा गांवों के बीच पहाड़ी इलाके में नक्सलियों के हथियार डंप की सूचना मिलने पर डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की टीम ने ऑपरेशन शुरू किया। रात करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच 8-10 माओवादियों ने पहले से घात लगाकर पुलिस पार्टी पर स्वचालित हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवानों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की।

माओवादी अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले, लेकिन मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया।मारे गए नक्सली की पहचान भैरमगढ़ एरिया कमेटी के एरिया कमेटी मेंबर (ACM) राजेश पुनेम के रूप में हुई, जिस पर छत्तीसगढ़ सरकार ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। मुठभेड़ के बाद की सर्चिंग में पुलिस ने मौके से एक एसएलआर रायफल, एक इंसास रायफल, एक पिस्टल (मैगजीन सहित), एक वॉकी-टॉकी सेट, कई मैगजीन, जिंदा राउंड, मिसफायर कारतूस और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की।

क्षेत्र में आईईडी और एम्बुश की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए सर्चिंग की और बरामद शव व हथियारों को सुरक्षित रूप से दंतेवाड़ा मुख्यालय पहुंचाया।पुलिस के अनुसार यह भैरमगढ़ एरिया कमेटी को बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि राजेश पुनेम लंबे समय से सक्रिय था और संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था .



Source link

Share This Article
Leave a Comment