रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने तांत्रिक केके श्रीवास्तव और कांग्रेस के एकाउंटेंट रहे डडसेना को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी पहले से ही अलग–अलग मामलों में जेल में बंद थे, जहां से EOW ने उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया।
EOW ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने उन्हें 13 जनवरी तक की रिमांड पर भेज दिया है। जांच एजेंसी अब इस दौरान दोनों से गहन पूछताछ कर घोटाले की पूरी कड़ी, पैसों के लेन–देन और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका को खंगालेगी।
सूत्रों के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि शराब कारोबार से जुड़े अवैध लेन–देन और धन प्रबंधन में दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। तांत्रिक केके श्रीवास्तव पर अपने प्रभाव और संपर्कों के जरिए फैसलों को प्रभावित करने का संदेह है, जबकि डडसेना पर घोटाले से जुड़े पैसों के हिसाब–किताब और वित्तीय लेन–देन संभालने का आरोप है।
EOW अधिकारियों का कहना है कि रिमांड अवधि के दौरान कई अहम खुलासे हो सकते हैं और इस मामले में आगे और भी गिरफ्तारियां संभव हैं।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ का शराब घोटाला पहले से ही करोड़ों रुपये के कथित भ्रष्टाचार और राजनीतिक संरक्षण के आरोपों को लेकर चर्चा में है। जेल से हुई इस गिरफ्तारी और कोर्ट से मिली रिमांड ने जांच को नई गति दे दी है।

