

लूट के शक में हत्या की आशंका, आरोपी हिरासत में
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 13 अप्रैल। नगर के प्रतिष्ठित टेंट व्यवसायी एवं शिरोमणि टेंट हाउस के प्रोपराइटर व महेश चौहान के छोटे भाई सुरेश चौहान (52) की हत्या के मामले ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। शनिवार रात घर से निकले सुरेश चौहान के लापता होने के 24 घंटे के भीतर सोमवार सुबह उनका शव बरामद कर लिया गया। शव की बरामदगी संदेही आरोपी सुरेश देवांगन उर्फ रिंकू की निशानदेही पर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे स्थित खाली प्लॉट से की गई।
जानकारी के अनुसार, सुरेश चौहान शनिवार रात करीब 8.30 बजे विकास नगर स्थित अपने घर से स्कूटर पर निकले थे। परिजनों को उन्होंने कुछ समय में लौटने की बात कही थी, क्योंकि उन्हें अगले दिन बीजापुर रवाना होना था। पूरी रात घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और मामले की सूचना सिटी कोतवाली कोण्डागांव पुलिस को दी गई।
रविवार सुबह परिजनों को जानकारी मिली कि विकास नगर स्टेडियम के पीछे सुरेश चौहान का स्कूटर खड़ा है। मौके पर पहुंचने पर स्कूटर पर खून के छींटे दिखाई दिए, जबकि उनका पर्स स्टेडियम गेट के पास कुछ दूरी पर फेंका हुआ मिला। संदिग्ध हालात देखकर मृतक के बड़े भाई महेश चौहान को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदेह सुरेश देवांगन नामक युवक पर गया, जिसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे केके गांधी के खाली प्लॉट में मिट्टी के नीचे शव होने की जानकारी मिली। रविवार देर शाम अंधेरा होने के कारण उत्खनन नहीं किया जा सका और पुलिस ने पूरी रात घटनास्थल की घेराबंदी कर सुरक्षा बनाए रखी।
सोमवार सुबह पुलिस दल, एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार, फोरेंसिक टीम एवं मृतक के परिजनों की मौजूदगी में घटनास्थल पर उत्खनन किया गया। इस दौरान आरोपी को भी मौके पर लाया गया। खुदाई के दौरान मिट्टी के नीचे से शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान मृतक के परिजनों ने सुरेश चौहान के रूप में की। मौके पर पहुंचे कोण्डागांव एसडीओपी रूपेश कुमार ने भी शव की पहचान की पुष्टि की।
मृतक के बड़े भाई महेश चौहान ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि हत्या के पीछे रुपयों का लालच हो सकता है। उन्होंने बताया कि सुरेश चौहान अपने साथ अक्सर नगद राशि रखते थे और घटना के समय उन्होंने सोने की तीन अंगूठियां पहन रखी थीं, जिनमें से दो अंगूठियां शव से गायब मिली हैं। साथ ही उनका पर्स घटनास्थल से दूर फेंका मिला, जिससे लूट के बाद हत्या की आशंका और गहरा गई है।
महेश चौहान ने यह भी आशंका जताई है कि इस हत्याकांड में एक से अधिक लोगों की संलिप्तता हो सकती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हत्या के कारणों तथा घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से किए जाने की बात कही है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे कोण्डागांव शहर में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं लोग पुलिस खुलासे का इंतजार कर रहे हैं।


