रायपुर । Train Cancelled : नए साल में विशाखापट्टनम की यात्रा की तैयारी कर रहे यात्रियों को बड़ा झटका लगा है। ईस्ट कोस्ट रेलवे के वाल्टेयर मंडल के अंतर्गत रायगड़ा–विजयनगरम सेक्शन में अपग्रेडेशन और मेंटेनेंस कार्य के चलते रेल परिचालन प्रभावित किया गया है।
सुरक्षा और कार्य की सुचारु प्रगति को देखते हुए कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों का परिचालन गंतव्य से पहले ही सीमित कर दिया गया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से जुड़ी विशाखापट्टनम–रायपुर–विशाखापट्टनम पैसेंजर ट्रेन 5, 12 और 19 जनवरी 2026 को रद्द रहेगी। वहीं दुर्ग–विशाखापट्टनम वंदे भारत एक्सप्रेस इन्हीं तिथियों में रायगड़ा तक ही चलेगी, जबकि वापसी में ट्रेन विशाखापट्टनम के बजाय रायगड़ा से दुर्ग के लिए रवाना होगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि सफर पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी एनटीईएस, रेलवे पूछताछ सेवा या आधिकारिक वेबसाइट से जरूर जांच लें, ताकि अंतिम समय में किसी परेशानी से बचा जा सके।

