जनपद जालाैन के कदौरा में अंत्येष्टि के दौरान मधुमक्खियों का हमला, 50 से अधिक ग्रामीण घायल

NFA@0298
2 Min Read



उरई। उत्तर प्रदेश के जनपद जालाैन के कदौरा विकासखंड के महमूद नगर डाले का पुरवा बड़े गांव में गुरुवार को एक बुजुर्ग की अंत्येष्टि के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस घटना में 50 से अधिक लोग घायल हो गए, जबकि तीन ग्रामीण बेहोश हो गए। हमले के कारण श्मशान घाट पर कुछ समय के लिए अंत्येष्टि की प्रक्रिया भी बाधित हो गई।

महमूद नगर डाले का पुरवा बड़े गांव निवासी 78 वर्षीय वीर सिंह का बुधवार को निधन हो गया था। गुरुवार दोपहर परिवारजन और ग्रामीण उनका शव लेकर गांव के श्मशान घाट पहुंचे थे। जैसे ही अंत्येष्टि की तैयारियां शुरू हुईं, श्मशान घाट के पास मौजूद मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। मधुमक्खियों के डंक से वीर सिंह के बड़े पुत्र चंद्रशेखर उर्फ चंदू, धीरू, नेता, देवी चरण, विजय शर्मा सहित करीब 50 ग्रामीण घायल हो गए। इनमें से तीन लोगों की हालत बिगड़ने पर वे बेहोश हो गए।

घटना की सूचना पर ग्रामीणों ने घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। स्थिति सामान्य होने के बाद अंत्येष्टि की प्रक्रिया पूरी कराई जा सकी। थाना प्रभारी प्रभात कुमार का कहना है कि मामले की सूचना मिलने पर गंभीर रूप से घायल लोगो को इलाज के लिए सीएचसी भर्ती कराया गया है। कोई जनहानि नहीं हुई है।



Source link

Share This Article
Leave a Comment