
रायगढ़। CG NEWS: रायगढ़ जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने रातभर घरघोड़ा, धरमजयगढ़, छाल और खरसिया क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रूप से रेत, चूना पत्थर और गिट्टी का परिवहन कर रहे 5 भारी वाहनों को जब्त किया गया।
जिला खनिज अधिकारी रमाकांत सोनी ने बताया कि जांच अभियान के दौरान घरघोड़ा क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते एक हाईवा वाहन को पकड़ा गया। कार्रवाई के बाद वाहन को सुरक्षा के मद्देनजर घरघोड़ा थाना में पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। वहीं पूंजीपथरा क्षेत्र में निम्न श्रेणी चूना पत्थर और गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए दो हाईवा और दो ट्रेलर सहित कुल चार वाहनों को जब्त किया गया। इन वाहनों को पूंजीपथरा थाना में सुरक्षित रखा गया है।

पूछताछ में वाहन चालकों ने बताया कि गिट्टी सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के टिंबरलगा और गुलेढ़ी क्षेत्र की खदानों से लाई गई थी। खनिज विभाग ने सभी वाहन मालिकों और परिवहनकर्ताओं के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे दंडात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। रात्रिकालीन अभियान में सहायक खनि अधिकारी आशीष गढ़पाले, खनि निरीक्षक सोमेश्वर सिन्हा सहित उड़नदस्ता दल सक्रिय रहा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार कड़ी कार्रवाई जारी ।


