कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को फेसबुक पर धमकी

NFA@0298
3 Min Read



लखनऊ। राजधानी में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर धमकी देने का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रुद्र दमन सिंह बबलू ने हुसैनगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने केस दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है।

इंस्पेक्टर शिवमंगल सिंह के अनुसार, जिस फेसबुक अकाउंट से पोस्ट किया गया है, उसके संचालनकर्ता की पहचान कराने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है। साथ ही पोस्ट से जुड़े डिजिटल सबूतों को सुरक्षित कर कार्रवाई की जा रही है।

प्रदेश कार्यालय में देखी धमकी वाली पोस्ट

एफआईआर के मुताबिक, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रुद्र दमन सिंह बबलू मंगलवार को पार्टी के पदाधिकारियों के साथ माल एवेन्यू स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मौजूद थे। इसी दौरान उन्होंने फेसबुक पर देखा कि मनीष शुक्ला नाम के व्यक्ति ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की फोटो पोस्ट कर धमकी भरा संदेश लिखा है।

आरोप है कि पोस्ट में आपत्तिजनक/अपमानजनक फोटो भी लगाई गई थी और “सबक सिखाने” जैसी भाषा का इस्तेमाल किया गया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस पोस्ट से पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं और इससे माहौल खराब करने की कोशिश की गई है।

कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदर्शन की चेतावनी

कांग्रेस जिलाध्यक्ष का कहना है कि इस तरह की पोस्ट से राजनीतिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई है। उन्होंने पुलिस से तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होती तो कांग्रेस पार्टी प्रदर्शन करेगी।

भाजपा नेता के खिलाफ दी गई तहरीर

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि यह पोस्ट भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह के समर्थक बताए जा रहे मनीष शुक्ला द्वारा की गई है। इसी को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष रुद्र दमन सिंह, प्रमोद सिंह, शैलेंद्र दीक्षित सहित अन्य नेता हुसैनगंज थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी।कांग्रेस का आरोप है कि फेसबुक के अलावा अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी अजय राय की अपमानजनक तस्वीर साझा की गई, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है।

अजय राय ने शब-ए-बारात पर चढ़ाई चादर

इसी बीच शब-ए-बारात के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने केजीएमयू परिसर स्थित दरगाह (हज़रत कवाबमुद्दीन अब्बासी उर्फ हाजी-उल-हरमन रहमतुल्लाह एवं मखदूम शाह मीना शाह अली) पहुंचकर चादर पेश की। उन्होंने प्रदेशवासियों के लिए सुख-शांति, अमन-चैन और भाईचारे की दुआ की।अजय राय ने कहा कि शब-ए-बारात आत्मचिंतन, क्षमा और मानवता का संदेश देने वाला पर्व है, जो समाज में प्रेम और एकता को मजबूत करता है। इस दौरान उनके साथ अली आसिफ जमा रिजवी, डॉ. अमित कुमार राय, मारूफ खान, डॉ. शहजाद आलम आदि मौजूद रहे।



Source link

Share This Article
Leave a Comment