
कांकेर में जमीन विवाद में खूनी खेल, 1 मौत, 5 जख्मी
05-Apr-2026 2:36 PM
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर/कांकेर, 5 अप्रैल। कांकेर जिले के थाना पखांजूर क्षेत्र के ग्राम पीवी-27 में जमीन विवाद ने रविवार को खूनी खेल का रूप ले लिया। यहां 2 पक्षों के विवाद में एक युवक की जान चली गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस ने इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया, वहीं इस मामले से जुड़े आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस एवं स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार सुबह एक पक्ष खेत में कार्य कर रहा था, तभी दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंचे, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
ग्रामीणों के अनुसार, विवाद के दौरान मारपीट हुई, जिसमें जिनेश मजूमदार की मौके पर ही मृत्यु हो गई। अन्य घायलों को अस्पताल भेजा गया है। घायलों की स्थिति के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। क्षेत्र में एहतियात के तौर पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में संबंधित व्यक्तियों की तलाश की जा रही है। घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच जारी है।


