नेशनल ब्यूरो। नई दिल्ली
अहमदाबाद की दुर्घटना के बाद से विमानन सुरक्षा को लेकर लगातार सुर्ख़ियों में रही एयर इंडिया से चौंकाने वाली खबर आ रही है।
समाचार एजेंसी रायटर्स के अनुसार कनाडा के परिवहन नियामक ने एयर इंडिया को उस घटना की जांच करने के लिए कहा है जिसमें एक पायलट को विमान के उड़ान भरने से पहले ही उतार दिया गया था क्योंकि वह शराब के नशे में पाया गया था।
रायटर्स का दावा है कि वैंकूवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कनाडाई पुलिस द्वारा किए गए दो ब्रेथलाइज़र परीक्षणों से पता चला कि पायलट ड्यूटी के लिए अयोग्य था। कनाडा परिवहन विभाग ने एयर इंडिया को लिखे पत्र में इस घटना को गंभीर मामला बताया है और कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
शनिवार को जारी एक बयान में, ट्रांसपोर्ट कनाडा ने कहा कि वह एयर इंडिया और भारत के विमानन नियामक के साथ मिलकर यह सुनिश्चित करेगा कि “उचित कार्रवाई” की जाए।
एयर इंडिया ने एक बयान में कहा कि 23 दिसंबर को वैंकूवर से दिल्ली जाने वाली उड़ान में घटना के कारण अंतिम समय में देरी हुई और बताया कि उड़ान संचालित करने के लिए एक वैकल्पिक पायलट को बुलाया गया था।
एयरलाइन ने कहा कि कनाडाई अधिकारियों ने पायलट की ड्यूटी के लिए उपयुक्तता पर चिंता जताई है, लेकिन उन्होंने इसके बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।जांच प्रक्रिया के दौरान पायलट को उड़ान ड्यूटी से हटा दिया गया है।
एयर इंडिया ने कहा कि लागू नियमों और विनियमों के किसी भी उल्लंघन के प्रति एयर इंडिया की ज़ीरो टॉलरेंस नीति है। जांच के परिणाम आने तक, किसी भी पुष्ट उल्लंघन पर कंपनी की नीति के अनुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
फ्लाइट राडार24 और एयर इंडिया की वेबसाइटों के अनुसार, विमान बोइंग 777 था, जिसमें 344 यात्रियों तक के बैठने की क्षमता है।

