ईंट भट्ठे नहीं हटे तो टेंट में पढ़ेंगे बच्चे: कौही स्कूल में तालाबंदी के बाद पालकों का ऐलान

NFA@0298
2 Min Read


टिकेंद्र वर्मा@रानीतराई। पाटन विकासखंड के ग्राम कौही स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला के पास संचालित ईंट भट्ठों से फैल रहे प्रदूषण को लेकर छात्रों और पालकों का आक्रोश अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। कार्रवाई नहीं होने से नाराज़ बच्चों और अभिभावकों ने स्कूल में तालाबंदी कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
📌 स्वास्थ्य पर खतरे का आरोप
पालकों का कहना है कि भट्ठों से निकलने वाले धुएं और राख के कारण बच्चों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और अन्य परेशानियां हो रही हैं। कई बार शिकायत और ज्ञापन देने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने से आक्रोश भड़क उठा।

🚨 प्रशासन का आश्वासन
तालाबंदी की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और पालकों से चर्चा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि आज शाम तक ईंट भट्ठा संचालकों को हटाने संबंधी आदेश जारी किया जाएगा तथा एक सप्ताह के भीतर भट्ठे हटाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि निर्धारित समय सीमा में भट्ठे नहीं हटे तो प्रशासन स्वयं कार्रवाई करेगा।
🔴 पालकों का बड़ा ऐलान: टेंट लगाकर होगी पढ़ाई
मामले में सबसे बड़ा और अहम बयान पालकों की ओर से आया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर ईंट भट्ठे नहीं हटाए गए, तो वे अपने बच्चों को वर्तमान स्कूल से हटाकर अलग स्थान पर टेंट लगाकर पढ़ाई शुरू कराएंगे।
पालकों का कहना है कि बच्चों का स्वास्थ्य किसी भी कीमत पर जोखिम में नहीं डाला जाएगा। जरूरत पड़ी तो वे स्वयं व्यवस्था कर सुरक्षित स्थान पर अस्थायी कक्षाएं संचालित करेंगे।
⚖️ शिक्षा बनाम प्रदूषण
यह मामला अब केवल तालाबंदी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बच्चों के सुरक्षित भविष्य और स्वास्थ्य से जुड़ा बड़ा मुद्दा बन गया है। ग्रामीणों की मांग है कि स्कूल के आसपास प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर तत्काल रोक लगे।
अब देखना होगा कि प्रशासन तय समय सीमा में क्या कदम उठाता है, क्योंकि एक सप्ताह बाद कौही में शिक्षा का स्वरूप बदल भी सकता है।



Source link

Share This Article
Leave a Comment