पाटन। साहू समाज की आराध्य भक्त माता कर्मा की 1010वीं जयंती पापमोचनी एकादशी 15 मार्च को श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुई। इस अवसर पर साहू समाज द्वारा स्थानीय, परिक्षेत्र, तहसील, जिला एवं प्रदेश स्तर पर जयंती महोत्सव का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में रविवार को परिक्षेत्रीय साहू संघ अरसनारा के अंतर्गत ग्राम बठेना, रवेली, पतोरा, देवादा, लोहरसी एवं धौराभाठा में हर्षोल्लास के साथ कर्मा जयंती मनाई गई।
सभी ग्राम इकाइयों में समाज की मातृशक्तियों द्वारा कलश शोभायात्रा निकाली गई, जिसके पश्चात भगवान श्रीकृष्ण और भक्त माता कर्मा की आरती-पूजा की गई।
ग्राम बठेना में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिव्या कलिहारी, महिला संयोजिका प्रदेश साहू संघ ने कहा कि समाज की आने वाली पीढ़ी को संस्कारवान बनाना आवश्यक है। जिस प्रकार भक्त माता कर्मा ने एक महिला होकर केवल साहू समाज ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण मानव समाज के उत्थान के लिए कार्य किया, उसी प्रकार उनके बताए मार्ग और संदेश को हमें अपने जीवन में धारण करना चाहिए।
प्रमुख अतिथि खेमलाल साहू, सलाहकार अरसनारा परिक्षेत्र एवं पूर्व महासचिव तहसील साहू संघ पाटन ने कहा कि समाज में बढ़ते अंतरजातीय विवाह चिंता का विषय है। आज हमारे बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में और विभिन्न पदों पर सफलता प्राप्त कर रहे हैं, लेकिन समाज के इतिहास और नियमों की जानकारी नहीं होना चिंताजनक है। सामाजिक बैठकें, कर्मा जयंती और सामाजिक सम्मेलन ही समाज की पाठशाला हैं, जहां युवा पीढ़ी की उपस्थिति अनिवार्य होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज पूरे हिन्दू समाज को संगठित होकर कार्य करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अरसनारा परिक्षेत्र अध्यक्ष किशन हीरवानी ने कहा कि सामाजिक और धार्मिक आयोजनों की सफलता में मातृशक्तियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि आज युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति चिंता का विषय है, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। इसे रोकने के लिए समाज को सामूहिक प्रयास करना होगा। साथ ही उन्होंने रक्तदान एवं नेत्रदान के लिए समाज को प्रेरित किया तथा 25-26 अप्रैल को ग्राम भरर में आयोजित तहसील स्तरीय सामूहिक आदर्श विवाह में अधिक से अधिक लोगों की उपस्थिति की अपील की।
निवर्तमान अध्यक्ष हरिशंकर साहू ने कहा कि अरसनारा परिक्षेत्र ऊर्जा से भरपूर क्षेत्र है। आदर्श विवाह की परंपरा ग्राम ढौर से प्रारंभ हुई और अब संत माता राजिम जयंती का आयोजन ग्राम देमार में कर नवाचार किया गया है। उन्होंने कहा कि जीवन में ऐसा कार्य करना चाहिए जिससे इतिहास में नाम दर्ज हो सके।
न्याय प्रकोष्ठ संयोजक कौशल बनपेला ने कहा कि आज से 1010 वर्ष पूर्व माता कर्मा ने जन्म लेकर समाज की कुरीतियों को दूर किया और अपनी भक्ति से भगवान को खिचड़ी खिलाने का गौरव प्राप्त किया। ऐसे महान व्यक्तित्व की संतति होने पर हमें गर्व होना चाहिए।
इस अवसर पर सरपंच उनिका वर्मा, जनपद सीता निषाद, सदस्य संतोष साहू, ललिता साहू (उपाध्यक्ष अरसनारा परिक्षेत्र), अर्जुन साहू, रिंकी साहू (संगठन सचिव), गोपेश साहू (सचिव) एवं बलराम साहू (मीडिया प्रभारी) ने भी कर्मा जयंती की बधाई देते हुए माता कर्मा के संदेशों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
मौके पर प्रमुख रूप से स्थानीय अध्यक्ष रेखाराम साहू,घनश्याम साहू, ओमप्रकाश साहू, ईश्वरी साहू, सुजान वर्मा,साधना वर्मा,कल्याणी साहू, तुलसी साहू, सनत साहू, अर्जुन साहू,भूषण साहू,कीर्ति साहू,योगेंद्र साहू,कविता साहू,उमाकांत साहू,रेवती साहू, डागेंद्र साहू, डॉ टी आर साहू,पंकज साहू,दरबारी साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।


